Samachar Nama
×

सरकारी स्कूलों की बदहाली पर अभिजीत दिपके ने उठाए सवाल, 15 अगस्त से अभियान शुरू करने की अपील

सरकारी स्कूलों की बदहाली पर अभिजीत दिपके ने उठाए सवाल, 15 अगस्त से अभियान शुरू करने की अपील
सरकारी स्कूलों की बदहाली पर अभिजीत दिपके ने उठाए सवाल, 15 अगस्त से अभियान शुरू करने की अपील

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने स्वतंत्रता दिवस से पहले सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि देश 15 अगस्त 2026 को आजादी के 80 वर्ष पूरे करने जा रहा है, लेकिन गांवों के सरकारी स्कूल आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं।

अभिजीत दिपके ने कहा कि पिछले 80 वर्षों में देश में बड़े-बड़े विकास कार्य हुए हैं, नया संसद भवन बना है और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हुआ है, लेकिन गांवों में मजदूरों और किसानों के बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों को वह प्राथमिकता नहीं मिली जिसकी आवश्यकता थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी नहीं है। आज भी देश के अनेक गांवों में बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्हें स्कूल पहुंचने के बाद भी स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने विशेष रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं की समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। दिपके ने कहा कि यदि 15 अगस्त से कोई नई शुरुआत करनी है तो इसकी शुरुआत सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने से होनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वह अपने गांव हिंगोली जाएंगे और वहां के सरपंच से मिलकर सरकारी स्कूल के विकास तथा बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे।

अभिजीत दिपके ने महाराष्ट्र सहित देशभर के ग्राम प्रधानों और सरपंचों से अपील की कि वे अपने गांव के सरकारी स्कूलों की स्थिति पर विशेष ध्यान दें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो सरपंच अपने गांव के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे, उनकी पहल को कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने लाएगी। पार्टी ऐसे प्रयासों के वीडियो साझा करेगी ताकि अन्य गांवों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रेरणा मिल सके।

अभिजीत दिपके ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के सरकारी स्कूलों का दौरा करें और वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें। यदि किसी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी है तो अभिभावक उसका वीडियो बनाकर कॉकरोच जनता पार्टी को भेज सकते हैं। पार्टी जल्द ही अभिभावकों के लिए एक विशेष फॉर्म जारी करेगी। इस फॉर्म के माध्यम से माता-पिता यह जानकारी दे सकेंगे कि उनके बच्चों के स्कूल में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। यह जानकारी फॉर्म और ईमेल के जरिये पार्टी तक पहुंचाई जा सकेगी। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अच्छी शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की जरूरत है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags