Samachar Nama
×

'सरकारी मदरसों में भी लागू हो एक जैसी नीति', सीएम धामी के फैसले पर वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल

'सरकारी मदरसों में भी लागू हो एक जैसी नीति', सीएम धामी के फैसले पर वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल
'सरकारी मदरसों में भी लागू हो एक जैसी नीति', सीएम धामी के फैसले पर वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी के मुद्दे पर दिए गए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में समानता और एकरूपता होनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के भारत में बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिशों संबंधी आरोपों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रतिमा को छूने के अधिकार पर दिए गए बयान पर भी टिप्पणी की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी के संबंध में दिए गए बयान पर विनोद बंसल ने कहा कि सभी संस्थानों को एकरूपता के सिद्धांत पर चलना चाहिए। व्यवस्था में समता और समानता का भाव होना जरूरी है। किसी विशेष समुदाय के शैक्षणिक संस्थानों में अलग दिन छुट्टी होने और बाकी संस्थानों में दूसरे दिन छुट्टी होने का कोई तार्किक आधार नहीं दिखाई देता। सीएम धामी के कदम का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों की सरकारों को भी इस व्यवस्था का पालन करना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से सरकारी अनुदान प्राप्त मदरसों और सरकारी व्यवस्था के साथ संचालित होने वाले संस्थानों का उल्लेख किया। बंसल ने कहा कि ऐसे संस्थानों में भी सरकार की ओर से तय की गई नीतियां उसी तरह लागू होनी चाहिए, जैसे अन्य विद्यालयों में होती हैं।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस आरोप पर कि भारत में बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिश की जा रही है, विनोद बंसल ने सीजेपी, कांग्रेस और कम्युनिस्ट विचारधारा से जुड़े लोगों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की संप्रभुता और संविधान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बंसल ने इन समूहों पर देश का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि देश में कांग्रेस और कम्युनिस्ट नहीं होते, तो भारत की स्थिति आज अलग होती।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की इस टिप्पणी पर कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान केवल सनातन धर्म को मानने वालों को ही प्रतिमा छूनी चाहिए, विनोद बंसल ने धार्मिक आस्था और पूजा-पद्धति का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम नहीं बोल सकते, मां के जयकारे नहीं लगा सकते या हिंदू धर्म और उसकी आस्थाओं में विश्वास नहीं करते, उन्हें धार्मिक आयोजनों के माहौल में जाने पर विचार करना चाहिए। धार्मिक आस्था के केंद्रों में आने वाले लोगों को वहां की मान्यताओं और परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसे धार्मिक आयोजन में शामिल होता है, तो उसे श्रद्धा और निष्ठा के साथ मां की आराधना, पूजा और आरती करनी चाहिए। साथ ही, हिंदू मान्यताओं का पालन करना चाहिए। बंसल ने यह भी कहा कि आस्था में विश्वास नहीं रखने वाले लोगों का धार्मिक स्थलों में प्रवेश प्रतिबंधित होना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story