सरकारी जमीन कब्जाने के आरोपों पर भड़कीं भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर, बोलीं- सबूत है तो सामने लाएं
पटना, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के अलीनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने पिता पर सरकारी जमीन कब्जाने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाने वालों को चुनौती दी कि अगर उनके पास तथ्य हैं तो सबूत के साथ सामने आएं, नहीं तो यह उनके और उनके परिवार के खिलाफ मानहानि है।
पिता के द्वारा सरकारी जमीन कब्जाने के दावों से इनकार करते हुए भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा, "ये सब बेबुनियाद अफवाहें हैं। सरकारी जमीन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है और न ही हमारे परिवार का कोई लेना-देना है। मैं बस यह कहना चाहती हूं कि मेरे और मेरे परिवार के बारे में सोशल मीडिया पर बहुत बड़े-बड़े शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जैसे भू-माफिया और गरीबों की जमीन हड़पना आदि। मैं अपने बारे में और अपने पिताजी के बारे में ऐसी बातें देख रही हूं।"
उन्होंने कहा कि अगर इन आरोपों का कोई तथ्य है, तो कृपया सामने आइए और सबूत दीजिए। अन्यथा जो आम व्यक्ति यह खबर पढ़ रहा है, उसके मन में गलत धारणा बन रही है। किसी को कोई भी संदेह है तो सभी रजिस्ट्री, सभी दस्तावेज और सारे कागजात अंचल अधिकारी के पास हैं, डीसीएलआर साहब के पास हैं। वहां जाकर जानकारी ली जा सकती है।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस तरह की बेबुनियाद अफवाहों को पीआर स्टंट के रूप में इस्तेमाल करना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत बड़ी बात है। इसलिए मैं इसका तथ्यात्मक आधार जानना चाहती हूं। लोकतंत्र है, लोग स्वतंत्रता के साथ अपनी बात रख सकते हैं, इसका मैं सम्मान करती हूं, लेकिन अगर कोई कुछ कह रहा है तो उसे उसका तथ्य भी देना चाहिए। नहीं तो यह मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ एक बेबुनियाद आरोप है।
उन्होंने कहा कि कई लोग इसे 'सहयोग शिविर' की एक उपलब्धि के रूप में देखते हैं और मैं भी इसे एक अलग दृष्टिकोण से देखती हूं। सहयोग शिविर की यह उपलब्धि है कि कोई भी आम व्यक्ति सरकार, किसी पदाधिकारी, विधायक या किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचा सकता है। उसकी शिकायत या आवेदन सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचता है। उस दृष्टि से देखा जाए तो यह एक बड़ी उपलब्धि है।
भाजपा विधायक ने कहा कि मेरे मामले में जब मुझ पर इतने बड़े-बड़े आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उनका कोई आधार होना चाहिए। मुझे समझ नहीं आता कि ये बेबुनियाद अफवाहें कहां से आ रही हैं। अगर मेरे बारे में सरकारी जमीन हड़पने जैसी कोई बात कही जा रही है, तो उसका तथ्य प्रस्तुत किया जाए।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि मुझे नहीं पता कि कौन लोग हैं और किस उद्देश्य से मुझे निशाना बनाने के लिए इस तरह की कहानियां गढ़ी जा रही हैं, लेकिन मैं सबका सम्मान करती हूं। मैं अपने क्षेत्र के लोगों का बहुत आदर करती हूं और उन्हीं के लिए यह सब काम कर रही हूं।
उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र में जो घर बन रहा है, उसका उद्देश्य भी यही है कि वहीं से जनता दरबार लगाया जा सके और लोगों की बातें सुनी जा सकें। मैं अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ी हूं। जो भी ये बेबुनियाद अफवाहें हैं, उनका तथ्य सामने आना चाहिए ताकि मुझे भी समझ में आए कि मामला क्या है।
कानूनी कार्रवाई को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि यह पूरी तरह से बेबुनियाद अफवाह है और एक तरह से मानहानि का मामला भी है। मेरे पिताजी कभी इस प्रकार की सोच नहीं रखते हैं। मेरे सभी क्षेत्रवासी और शुभचिंतक मेरा राजनीतिक जीवन शुरू होने से पहले का जीवन भी जानते हैं। उन्होंने हमें बड़े होते हुए देखा है और पूरे परिवार को करीब से जाना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के घटिया आरोप लगाना मैं बर्दाश्त नहीं कर पाऊंगी। समय आने पर मैं इस बारे में सोचूंगी और फिर निर्णय लूंगी, लेकिन मेरे क्षेत्र के जो प्यारे लोग हैं, मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं।
--आईएएनएस
केके/वीसी

