Samachar Nama
×

सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने आडवाणी से लिया आशीर्वाद, कहा- उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही

सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने आडवाणी से लिया आशीर्वाद, कहा- उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही
सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने आडवाणी से लिया आशीर्वाद, कहा- उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने आडवाणी जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आडवाणी जी के दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के लिए उनके योगदान ने देश में अमिट छाप छोड़ी है। भारत की प्रगति को मजबूत बनाने में आडवाणी जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और बाद में वर्ष 2014 में भारत के प्रधानमंत्री बने, तब से वह लगातार शासन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और उनके नेतृत्व की सराहना की है। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें 'हमारे समय का अवतार' बताया।

वहीं, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई संदेश भेजते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लगातार 25 वर्षों तक नेतृत्व करना एक दुर्लभ उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में यह उपलब्धि भारतीय जनता के प्रधानमंत्री मोदी पर अटूट विश्वास को दर्शाती है।

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने बधाई देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष की अवधि पूरे होने पर मैं अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करना चाहती हूं। भारत के समाज और राष्ट्र के विकास को साकार करने के लिए वे वर्षों से प्रयास करते आए हैं और सन 2001 से अपने उत्कृष्ट राजनीतिक नेतृत्व से सरकार के प्रमुख के पद संभालते आए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने भारत के विकास को गति देने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इन सारी उपलब्धियों के लिए, मैं एक साथी राजनीतिज्ञ के रूप में सम्मान की भावना व्यक्त करती हूं।

वहीं, भाजपा और कई सरकारों की ओर से कई राज्यों में 'सेवा ही संकल्प' अभियान चलाया जा रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story