Samachar Nama
×

सरकार के फैसले पर हुआ था ऑपरेशन ब्लू स्टार, नरसंहार के लिए इंदिरा गांधी जिम्मेदार: योगेंद्र चंदोलिया

सरकार के फैसले पर हुआ था ऑपरेशन ब्लू स्टार, नरसंहार के लिए इंदिरा गांधी जिम्मेदार: योगेंद्र चंदोलिया
सरकार के फैसले पर हुआ था ऑपरेशन ब्लू स्टार, नरसंहार के लिए इंदिरा गांधी जिम्मेदार: योगेंद्र चंदोलिया

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर सोनिया गांधी की किताब में लिखी बातों, राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती और 2029 के चुनावों को लेकर अशोक गहलोत की चिंताओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार सरकार के फैसले के तहत हुआ था। वहीं, राहुल गांधी की चुनौती पर उन्होंने कहा कि संसद ऐसा मंच है, जहां हर मुद्दे पर चर्चा के जरिए दूध का दूध और पानी का पानी हो सकता है।

ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सोनिया गांधी की बातों को लेकर योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उनकी किताब में बेहद विवादास्पद बातें लिखी गई हैं। उन्होंने भिंडरांवाले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1984 में उसे बस में बंदूक लेकर बैठे अपनी आंखों से देखा था। भिंडरांवाले को दिल्ली की सड़कों पर घूमने का मौका तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिया था और इसके कारण आतंकवाद दिल्ली तक पहुंचा।

चंदोलिया ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार सरकार की पहल और उसके फैसले के तहत किया गया था। यह कार्रवाई सरकार की अनुमति के बिना संभव नहीं थी। उस दौरान जो नरसंहार हुआ, उसकी जिम्मेदारी इंदिरा गांधी की थी। यदि सोनिया गांधी कह रही हैं कि इस घटना के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू आ गए थे तो क्या उस समय सरकार पर उनका कोई नियंत्रण नहीं था? भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि जब आतंकवाद चरम पर था, तब उसे खत्म करने के लिए कार्रवाई की आवश्यकता महसूस हुई होगी। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि ऑपरेशन का फैसला तत्कालीन सरकार का था और इसे सरकार की जिम्मेदारी से अलग करके नहीं देखा जा सकता।

राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती दिए जाने पर चंदोलिया ने कहा कि इस पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं लगता। उन्होंने कहा कि वह संसद के सदस्य हैं और उन्होंने देखा है कि प्रधानमंत्री ने सदन में कई बार चर्चा की बात कही है। प्रधानमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर बहस के लिए कहा है, लेकिन विपक्ष को संसद चलने देनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण, एसआईआर और वोट चोरी जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद ऐसा मंच है, जहां हर विषय पर ईमानदारी से अपनी बात रखी जा सकती है। सदन की कार्यवाही का प्रसारण भी होता है, जिससे पूरे देश को पता चल सकता है कि कौन क्या कह रहा है। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री को चुनौती देने के बजाय संसद में अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशों में जाकर देश की निंदा करने का आरोप भी लगाया। भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश के कई महत्वपूर्ण काम हैं और वह ऐसे व्यक्ति से बात करने के लिए अपना समय क्यों देंगे, जो विदेशों में भारत के खिलाफ बयान देता है। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता देश के किसी भी मुद्दे पर राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार कर सकता है।

2029 के चुनावों को लेकर अशोक गहलोत की चिंताओं पर योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से कांग्रेस को परेशानी हो रही है। चुनावी इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने 1952, 1957, 1962, 1967 और 1971 के चुनावों में कांग्रेस की लगातार जीत का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को याद करते हुए कहा कि वास्तविक तानाशाही का दौर कांग्रेस शासन में आया था और इंदिरा गांधी की सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा भी भुगतना पड़ा।

उन्होंने सवाल किया कि यदि नरेंद्र मोदी 2014 से प्रधानमंत्री हैं और 2029 में भी भाजपा की सरकार बनती है तो इसे तानाशाही कैसे कहा जा सकता है? देश के कई राज्यों में चुनाव होते हैं, जिनमें कांग्रेस और क्षेत्रीय दल भी जीत हासिल करते हैं। ऐसे में लोकतंत्र खत्म होने की बात करना उचित नहीं है। भाजपा सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ इसलिए मनाई, ताकि देश में दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। तानाशाही कांग्रेस ने की थी, जबकि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों ने लोकतंत्र के लिए काम किया है।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी

Share this story