Samachar Nama
×

सरकार का विकास मॉडल सिर्फ कागजी: जीतू पटवारी

भोपाल, 16 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देश में बढ़ती बेरोजगारी और कम होती श्रमिकों की भागीदारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का विकास मॉडल सिर्फ कागजी है।
सरकार का विकास मॉडल सिर्फ कागजी: जीतू पटवारी

भोपाल, 16 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देश में बढ़ती बेरोजगारी और कम होती श्रमिकों की भागीदारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का विकास मॉडल सिर्फ कागजी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि इन आंकड़ों ने सरकार के कागजी विकास मॉडल की सच्चाई देश के सामने स्पष्ट कर दी है। उन्होंने आगे कहा कि मई 2025 में बेरोजगारी दर बढ़कर 5.5 प्रतिशत पहुंच गई, जो 11 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। काम की तलाश करने वालों की संख्या भी घटी है यानी युवाओं का रोजगार मिलने से भरोसा टूटा है।

उन्होंने श्रमिकों के काम और उनकी भागीदारी को लेकर कहा कि लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट भी 55 प्रतिशत से घटकर अब 54.4 प्रतिशत पर आ गया। केंद्र की नीति और नीयत से रोजगार अनुपात भी गिरकर 51.4 प्रतिशत ही रह गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले किए गए वादों का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह वही सरकार है, जिसने युवाओं को हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया और उसे बार-बार दोहराया।

देश में हो रहे निवेश और युवाओं को मिलने वाले अवसरों पर तंज कसते हुए पटवारी ने कहा कि सवाल यह है कि जब अर्थव्यवस्था बढ़ने के दावे हो रहे हैं, रिकॉर्ड निवेश की बातें हो रही हैं तो युवाओं के लिए नौकरियां कहां हैं? युवा डिग्रियां लेकर भटक रहा है, प्रतियोगी परीक्षाएं पेपर लीक की भेंट चढ़ रही हैं, संविदा भर्ती स्थायी रोजगार की जगह ले रही है। पटवारी ने आरोप लगाया है कि सरकार आंकड़ों की बाजीगरी में व्यस्त है। सरकार की बड़ी विफलता महंगाई नहीं, युवाओं के सपनों की हत्या है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags