Samachar Nama
×

सरायकेला में नक्सलियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा, 317 कारतूस और आईईडी बरामद

सरायकेला में नक्सलियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा, 317 कारतूस और आईईडी बरामद
सरायकेला में नक्सलियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा, 317 कारतूस और आईईडी बरामद

सरायकेला, 11 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने कुचाई और चांडिल थाना क्षेत्रों के जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार, 317 जिंदा कारतूस और एक आईईडी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए दो माओवादियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघु सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार बिरेन सिंह और मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, रघु सिंह सरदार भाकपा माओवादी की रीजनल कमेटी और पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा सीमा कमेटी का सक्रिय सदस्य रहा है। वहीं, करीब 26 वर्षीय मीना पहाड़िया संगठन में सब-जोनल कमांडर के रूप में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, अदालत से रिमांड मिलने के बाद दोनों से पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल और चांडिल के आसनबनी गांव के ऊपर दलमा जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद हथियारों में दो .303 राइफल, एक देसी पिस्टल, एक इंसास 5.56 एमएम राइफल और एक एसएलआर 7.62 एमएम राइफल शामिल हैं।

इसके अलावा एसएलआर की तीन, इंसास की चार, .303 राइफल की तीन और 9 एमएम पिस्टल की दो मैगजीन, 7.62 एमएम के 171, 5.56 एमएम के 126, 9 एमएम के 12 और .303 के आठ कारतूस मिले हैं। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया एक आईईडी और डिटोनेटर भी मिला। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।

दस्ते ने आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस अभियान में सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस और 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची के जवान शामिल थे। कुचाई, चांडिल, नीमडीह और सरायकेला थानों की पुलिस ने भी अभियान में हिस्सा लिया।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags