संतोष सुमन का राहुल-तेजस्वी पर तंज-विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, सीजेपी के डर से बढ़ाई सक्रियता
पटना, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सीजेपी के अचानक सामने आने से इन नेताओं के बीच अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की होड़ शुरू हो गई है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री संतोष सुमन ने विपक्षी दलों के द्वारा ईसी कार्यालय तक मार्च निकालने पर निशाना साधा।
संतोष सुमन ने कहा कि राहुल गांधी सदैव विदेश में रहते हैं। अभी कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं कि एक कॉकरोच पार्टी भारतवर्ष में अचानक आ गई है। इससे इन लोगों को डर लगने लगा है कि कहीं उनका अस्तित्व खत्म न हो जाए और कोई कॉकरोच पार्टी उनका स्थान लेकर विपक्षी दल न बन जाए। तब जाकर इन लोगों की नींद टूटी है। राहुल गांधी हों, तेजस्वी यादव हों या इस तरह के अन्य नेता, सभी आजकल सक्रिय नजर आ रहे हैं। ये सिर्फ दिखावे के लिए सक्रिय हो रहे हैं, क्योंकि इनके पास न कोई मुद्दा है और न ही कोई विचारधारा।
वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि ये लोग वोट चोरी का मुद्दा उठाते हैं। कुछ राज्यों में उनकी सरकार है और वे भी जनता के वोट से चुनकर आए हैं। विपक्षी दलों की दोहरी राजनीति नहीं चल सकती है, अगर वे जीते तो सब कुछ ठीक और हारे तो ठीकरा चुनाव आयोग से लेकर ईवीएम तक जाता है। लोकसभा चुनाव में जनता ने जितनी सीटें विपक्षी दलों को दी, वे भी ईवीएम के जरिए जनता के वोटों से चुनकर आए। क्या उन चुनावों में सही तरीके से मतदान नहीं हुआ था?
संतोष सुमन ने कहा कि जनता भी जानती है कि विपक्ष का यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक विरोध तक सीमित है।
उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पहले यह बताए कि उनके सहयोगी कौन हैं। जब तेजस्वी यादव को सीटों का बंटवारा करना होता है तो वह अकेले ही सीटें बांट देते हैं और उस समय सहयोगियों की याद नहीं आती। हमें नहीं लगता कि यहां कोई वास्तविक सहयोगी है। जनता ने इन्हें 25 सीटों पर समेट दिया है, इसलिए ये परेशान हैं कि कहीं 25 से 5 पर न पहुंच जाए।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए, उसका विरोध नहीं करना चाहिए। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के एक्स पोस्ट पर मंत्री सुमन ने कहा कि चुनाव के समय इनका गठबंधन दिखाई नहीं देता। कहीं ऐसा न हो कि 403 की जगह तीन सीटों पर ही सिमट जाएं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

