Samachar Nama
×

संसद में चर्चा से भाग रही कांग्रेस, अमित शाह जवाब देने को तैयार: सुधांशु त्रिवेदी

संसद में चर्चा से भाग रही कांग्रेस, अमित शाह जवाब देने को तैयार: सुधांशु त्रिवेदी
संसद में चर्चा से भाग रही कांग्रेस, अमित शाह जवाब देने को तैयार: सुधांशु त्रिवेदी

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर संसद में बहस को लेकर जारी गतिरोध के बीच भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में छात्र आंदोलन से जुड़े सभी सवालों का विस्तृत और व्यवस्थित जवाब देने की पेशकश की थी, लेकिन कांग्रेस की ओर से निर्धारित समय तक चर्चा के लिए कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया। सुधांशु त्रिवेदी ने इसे लेकर विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद में चर्चा से बच रही है।

सुधांशु त्रिवेदी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट कर दिया था कि छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़े विषयों पर वह सदन के पटल पर सभी मुद्दों का विस्तृत रूप से जवाब देने के लिए तैयार हैं। इसके बाद कांग्रेस से अपेक्षा थी कि वह संसद के नियमों और प्रक्रिया के अनुरूप चर्चा के लिए प्रस्ताव भेजे। गृह मंत्री ने कांग्रेस को प्रस्ताव भेजने के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था, लेकिन निर्धारित समय तक कांग्रेस की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि विपक्ष सदन में इस मुद्दे पर चर्चा का सामना करने से बच रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि अमित शाह ने कांग्रेस से प्रस्ताव भेजने को कहा था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए चर्चा से भागने का संकेत बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास गृह मंत्री की चुनौती का सामना करने का साहस नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सदन में चर्चा के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट करने का अवसर मिला था। यह कांग्रेस के लिए अपनी राजनीतिक साख पर लगे सवालों को दूर करने का एक महत्वपूर्ण मौका था, लेकिन विपक्ष ने इसे गंवा दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जो मौका दिया गया था, उसकी साख पर लगे 'बट्टे' को हटाने का यह आखिरी अवसर था, लेकिन पार्टी इस मौके को भी खोती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहा है और जब सरकार की ओर से चर्चा की पेशकश की जाती है तो वह उससे पीछे हट जाता है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहा है और जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृह मंत्री अमित शाह सदन में किसी मुद्दे पर जवाब देते हैं तो विपक्ष के नेता चर्चा से बचते हैं।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी

Share this story