Samachar Nama
×

सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टली

सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टली
सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टली

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। आजाद समाज पार्टी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग वाली याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टल गई। मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी।

डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर पर मानसिक, भावनात्मक शोषण और शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। 23 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस को 2 नवंबर तक जांच पूरा करने को कहा था। पिछली सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया था कि शिकायत पर जांच जारी है और मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां अभी प्राप्त नहीं हुई हैं। पुलिस के अनुसार, बैंक से जुड़ी आवश्यक डिटेल्स अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं, जिसके कारण जांच प्रक्रिया जारी है।

वहीं, शिकायतकर्ता डॉ. रोहिणी घावरी की ओर से पेश वकील ने पुलिस की जांच पर नाराजगी जताई। उन्होंने अदालत में कहा कि शिकायत जुलाई 2025 में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक पुलिस केवल प्रारंभिक जानकारियां जुटाने में लगी हुई हैं। उनका तर्क था कि यह ऐसा मामला है, जिसमें विलंब किए बिना तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए थी।

शिकायतकर्ता पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि आरोपी एक मौजूदा सांसद हैं और जांच में लगातार देरी होने से निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है, जो गंभीर आपराधिक श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में विस्तृत प्रारंभिक जांच के बजाय तत्काल एफआईआर दर्ज किए जाने की जरूरत होती है।

दलित अधिकार कार्यकर्ता और पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने सांसद चंद्रशेखर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मानसिक और भावनात्मक शोषण करने तथा धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। डॉ. घावरी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि स्विट्जरलैंड में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2021 के आसपास उनकी चंद्रशेखर आजाद से पहचान हुई थी।

आरोप है कि दोनों करीब तीन वर्षों तक रिश्ते में रहे, लेकिन सांसद बनने के बाद चंद्रशेखर ने उनसे दूरी बना ली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें विवाह का आश्वासन दिया गया था, जिसके आधार पर संबंध बनाए गए। इसी आधार पर उन्होंने सांसद के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और एफआईआर की मांग की है।

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी

Share this story

Tags