भाजपा विधायक ने सोने-चांदी में निवेश को लेकर पीएम की सलाह का किया समर्थन, कहा-'ये दूरदर्शी फैसला'
मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के बोरीवली से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने रविवार को अपने नए विधानसभा कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यालय का नाम 'सेवालालय' रखा है। इस अवसर पर रविवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना की गई। संजय उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें सेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में जगह बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विश्वास है कि नए कार्यालय में इसी सेवा भाव के साथ काम किया जाएगा।
भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने आईएएनएस से कहा कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच युद्ध के कारण पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की संभावित किल्लत हुई थी। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके सहयोगियों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों का इस्तेमाल कर रूस से कम कीमत पर कच्चा तेल खरीदा। इसके कारण भारत में पेट्रोल की कीमतें कई खाड़ी देशों की तुलना में कम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सोना-चांदी खरीदने, अनावश्यक विदेश यात्राओं और पेट्रोल-डीजल के इस्तेमाल में बचत करने की अपील की। इसी अपील का पालन करते हुए उन्होंने विधायक होने के बावजूद सप्ताह में दो दिन लोकल ट्रेन से सफर करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सोने में निवेश से विदेशी मुद्रा बाहर जाती है, इसलिए प्रधानमंत्री ने इसमें सावधानी बरतने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सरकारी कंपनियों यानी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में निवेश करने की अपील की। कांग्रेस के शासनकाल में कई सरकारी कंपनियों की स्थिति कमजोर हुई थी जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में इन कंपनियों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देशवासी पीएसयू में निवेश कर सकते हैं और इन कंपनियों की प्रगति में भागीदार बन सकते हैं।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर संजय उपाध्याय ने कहा कि यह चुनाव आयोग की नियमित प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य दोहरे नाम, स्थान बदल चुके मतदाताओं और अन्य त्रुटियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध करना है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में 12 से अधिक बार ऐसी प्रक्रिया हो चुकी है। यह काम भाजपा नहीं बल्कि चुनाव आयोग करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कामों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

