संजय उपाध्याय ने पीएम मोदी की अपील का किया समर्थन, बताया राष्ट्रहित में जरूरी कदम
मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संजय उपाध्याय ने वैश्विक संकट के बीच आर्थिक अनुशासन बनाए रखने की पीएम नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन किया। उन्होंने लोगों से सोने की खरीद कम करने, विदेश यात्रा सीमित करने, सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
साथ ही, उन्होंने विपक्ष की प्रतिक्रियाओं की आलोचना करते हुए राष्ट्रीय आर्थिक सावधानी बरतने की इस अपील का समर्थन किया।
भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थिति में युद्ध जन्य स्थिति के कारण प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक अपील की है। इस अपील में उन्होंने सोना न खरीदना, पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करना, सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग और विदेश यात्रा न करने जैसी बातों का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री की इस अपील का स्वागत करता हूं, क्योंकि इन सबसे देश पर विदेशी मुद्रा का बोझ पड़ता है। वैश्विक संकट को देखते हुए विदेशी मुद्रा को बचाने की जरूरत है। मेरा संकल्प है कि हफ्ते में दो दिन मेट्रो या ट्रेन से प्रवास करूंगा और सोने की खरीदी नहीं करूंगा। विदेश यात्रा दूर की बात है। हम पहले अपना देश देख लें। ऐसा करने से अगर देशहित साध्य होता है तो इसको अमल में लाना चाहिए। देश की जनता ने हमेशा पीएम मोदी को सुना है और उनका साथ दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर इन छोटी-छोटी बातों से देश का आर्थिक हित साध्य होता है तो हम सभी भारतवासियों को इस पर अमल करना चाहिए।
भाजपा विधायक ने कहा कि पीएम मोदी की अपील को जनता कितनी गंभीरता से लेती है, और कुछ लोग कितने परेशान होते हैं। यह 24 घंटे के दौरान सोशल मीडिया के जरिए सबके सामने आ गया है। इसके लिए अलग-अलग पार्टी के लोगों के बयान आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि पीएम मोदी ने अपील अभी पब्लिक डोमेन में किया है, आने वाले समय में सभी राजनीतिक दलों को एक साथ लेकर इस विषय की गंभीरता के बारे में बात करेंगे। पीएम मोदी का काम सबका साथ-सबका विश्वास और सबका विकास जैसे ही है। वह सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर ही इस मामले में आगे बढ़ेंगे।
वहीं, सभी विपक्षी दलों समेत कांग्रेस के पीएम मोदी की अपील पर टिप्पणी पर भाजपा नेता ने पलटवार किया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने कहा, "कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपने पूर्वजों के इतिहास को पढ़ने और समझने की कोशिश करनी चाहिए, और साथ ही देश के आर्थिक विकास की दिशा का भी आकलन करना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि साल 2013 में कोई लड़ाई नहीं चल रही थी, लेकिन पी चिदंबरम ने भी सोना न खरीदने की अपील की थी। दोनों में फर्क सिर्फ इतना है कि पीएम मोदी जब बोलते हैं तो देश की जनता उसको मानती है। पी चिदंबरम की अपील जनता के स्मरण में नहीं है, और लोगों ने उनकी बातों को ठुकरा दिया था, क्योंकि साल 2014 में भ्रष्टाचार से परेशान होकर लोगों ने कांग्रेस सरकार को बदल दिया था।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम

