Samachar Nama
×

संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी पर ताला लगाने की ठान ली है : मनीषा कायंदे

मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की 'बागी' सांसदों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर सियासत तेज हो गई है। इस पर शिवसेना एमएलसी मनीषा कायंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कायंदे ने कहा कि संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी पर ताला लगाने की ठान ली है।
संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी पर ताला लगाने की ठान ली है : मनीषा कायंदे

मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की 'बागी' सांसदों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर सियासत तेज हो गई है। इस पर शिवसेना एमएलसी मनीषा कायंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कायंदे ने कहा कि संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी पर ताला लगाने की ठान ली है।

मनीषा कायंदे ने आईएएनएस से कहा, "यूबीटी में संजय राउत नाम के एक व्यक्ति की व्यवस्था है। ऐसा लगता है कि उन्होंने ठान लिया है कि जब तक वह उद्धव ठाकरे की पार्टी पर ताला नहीं लगवा देते, तब तक रुकेंगे नहीं। संजय राउत जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें माताओं और बहनों के बारे में की गई टिप्पणियां भी शामिल हैं, उसे देखकर हैरानी होती है कि जो लोग अभी भी उनके साथ हैं, जो शिवसैनिक पार्टी में बने हुए हैं और जो सांसद उनसे जुड़े हैं, क्या उन्हें ऐसे व्यक्ति का प्रतिनिधित्व स्वीकार्य है, जो इस तरह की भाषा बोलता है।

फ्रांस में आयोजित जी-7 समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। इस पर शिवसेना एमएलसी मनीषा कायंदे ने कहा कि अगर ट्रंप वास्‍तव में पीएम मोदी को अपना दोस्‍त और बड़ा नेता मानते हैं तो भारत पर लगाए गए टैरिफ के साथ भारतीयों को वीजा जैसी समस्‍याओं में सहूलियत देना चाहिए।

उन्होंने कहा, "अगर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप सच में ऐसा सोचते हैं, पीएम मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और उन्हें एक महान नेता समझते हैं, तो उन्हें असल में भारत की मदद करनी चाहिए। उन्हें भारत पर लगाए गए टैरिफ के मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए और भारतीय नागरिकों खासकर अमेरिका में काम कर रहे लाखों भारतीयों की वीजा से जुड़ी समस्याओं को हल करने में मदद करनी चाहिए। अगर वह सच में दोस्त हैं, तो इन मामलों में मदद जरूर करेंगे।"

शिवसेना स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर मनीषा कायंदे ने बताया, "यह साठवीं वर्षगांठ, यानी स्थापना दिवस है, और आज शिवसेना का नेतृत्व एकनाथ शिंदे आगे बढ़ा रहे हैं। ये वही एकनाथ शिंदे हैं जो बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का पालन कर रहे हैं और बालासाहेब ठाकरे के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। भटकी हुई शिवसेना को एकनाथ शिंदे ने सही रास्‍ते पर लाया है।"

एमएलसी चुनावों पर मनीषा कायंदे ने कहा, "हमें पूरा भरोसा है कि हम अपनी सभी सीटें जीतेंगे। हमने कुछ सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली हैं। बाकी सीटों के लिए भी लोगों को 'महायुति' पर भरोसा है, और 'महायुति' महाराष्ट्र में इसी तरह मिलकर आगे बढ़ती रहेगी।"

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags