संजय राउत के बयानों से उनकी खुद की पार्टी को भारी नुकसान हो रहा : कृष्णा हेगड़े
मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने बुधवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत पिछले साढ़े चार वर्षों से लगातार आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उनके किसी भी आरोप में अब तक कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।
शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "संजय राउत जिस तरह पैसों और कथित घोटालों की बातें करते हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है मानो वे स्वयं इन मामलों की पूरी जानकारी रखते हों। उन्होंने दावा किया कि राउत का एक भी आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। इसके विपरीत, उनके बयानों से उनकी अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचा है।"
उन्होंने कहा कि शिवसेना प्रमुख एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में पार्टी ने लगातार पांच चुनावों में सफलता हासिल की है और विरोधियों के आरोपों का जवाब काम के माध्यम से दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए हेगड़े ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही बैठकों को “चिंतन नहीं, चिंता” बताया। उन्होंने कहा कि पिछला चुनाव दोनों दल बुरी तरह हार चुके हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनहित और लोकहित के कार्य कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और जनता योगी सरकार के कार्यों से संतुष्ट है। इसी कारण 2027 में भी भाजपा की सरकार बनने की संभावना प्रबल है।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य के काशी, मथुरा और संभल को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हेगड़े ने कहा कि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था और भावना से जुड़ा विषय है। जिस तरह अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है, उसी प्रकार काशी, मथुरा और संभल जैसे धार्मिक स्थलों का भी विकास होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जी-7 सम्मेलन में उपस्थिति पर हेगड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की और भारत के हितों को प्रमुखता से रखा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, कृषि, उद्योग, बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई, जिससे भारत को भविष्य में लाभ मिलेगा।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम

