सांगली ड्रग्स केस में अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच तेज, सलीम डोला कोर्ट में होगा पेश
मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के कथित करीबी सहयोगी सलीम डोला को 2024 के सांगली ड्रग्स बनाने के मामले में आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आज सलीम डोला को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार जांच में जुटी हुई है और अब कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, मार्च 2024 में जांच एजेंसियों ने सांगली में चल रही एक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस दौरान वहां से करीब 122 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई थी। इसके अलावा भारी मात्रा में नकदी और सोना भी मिला था। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 253 करोड़ रुपये बताई गई थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें प्रवीन शिंदे नाम का आरोपी भी शामिल था। पुलिस का दावा है कि वही इस अवैध फैक्ट्री को चला रहा था।
जांच में सामने आया कि सलीम डोला इस पूरे ड्रग्स रैकेट को आर्थिक मदद पहुंचा रहा था। इतना ही नहीं, वह ड्रग्स की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क की निगरानी भी करता था। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े हुए हैं और इसमें कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 7 ने इसी मामले में दुबई से प्रत्यर्पण के बाद ताहिर डोला और कुब्बावाला को भी गिरफ्तार किया था। अब सलीम डोला को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से लेकर आगे की जांच शुरू की गई है। क्राइम ब्रांच का मानना है कि सलीम डोला से पूछताछ में ड्रग्स सिंडिकेट और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
सलीम डोला मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद था। वहीं से क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे अपनी कस्टडी में लिया। इसके लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। कोर्ट में पुलिस ने दलील दी कि सलीम डोला अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़ा हुआ है और मामले की गहराई से जांच के लिए उसकी कस्टडी जरूरी है। इसके बाद कोर्ट ने क्राइम ब्रांच को उसकी हिरासत दे दी।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

