संगठन को मजबूत कर जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं: दिलीप जायसवाल
अनूपपुर, 28 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री दिलीप जायसवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को सुबह 11 बजे देशवासियों से 'मन की बात' के माध्यम से संवाद करते हैं, जिसे पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ सुना जाता है। इसी क्रम में अनूपपुर नगरपालिका परिसर में नगरपालिका अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद भाजपा के संस्थापक नेताओं में से एक और पूर्व जनसंघ अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी पुण्य स्मृति के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके जीवन और योगदान पर संक्षिप्त चर्चा भी की गई।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है। मंडल, जिला, प्रदेश और केंद्र स्तर पर समय-समय पर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को भी प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्तमान में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं, जबकि जल्द ही बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। बदलते समय और तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पार्टी द्वारा वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इस प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं से संगठन और पार्टी की विचारधारा से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं, जिनके चार विकल्प दिए जाते हैं। सही उत्तर चुनने पर अंक मिलते हैं और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं का बौद्धिक विकास होता है और वे पार्टी की नीतियों, विचारधारा और समसामयिक विषयों से लगातार अपडेट रहते हैं। मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के दौर में वर्चुअल प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है और इससे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को एक साथ प्रशिक्षित करना संभव हो रहा है।
जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, तकनीक का प्रभावी उपयोग करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
--आईएएनएस
पीएसके

