Samachar Nama
×

सनत नगर में प्रदर्शनकारियों ने जलाईं ओवैसी की तस्वीरें, नीलिमा से बिना शर्त माफी की मांग

सनत नगर में प्रदर्शनकारियों ने जलाईं ओवैसी की तस्वीरें, नीलिमा से बिना शर्त माफी की मांग
सनत नगर में प्रदर्शनकारियों ने जलाईं ओवैसी की तस्वीरें, नीलिमा से बिना शर्त माफी की मांग

हैदराबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ सनत नगर में चल रहा विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गया। प्रदर्शन में लोगों की संख्या बढ़ गई है और मांग और भी जोर पकड़ रही है।

कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता, टीपीसीसी उपाध्यक्ष और सनत नगर निर्वाचन क्षेत्र की प्रभारी डॉ. कोटा नीलिमा के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए ओवैसी से बिना शर्त माफी की मांग कर रहे हैं।

ओवैसी के बयानों से स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और ओवैसी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ओवैसी की तस्वीरों को आग के हवाले कर दिया। भीड़ बढ़ने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक ओवैसी माफी नहीं मांगते, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

इस प्रदर्शन में समाज के हर वर्ग से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से डिवीजन अध्यक्ष, कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा इस मांग के समर्थन में आगे आए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की गरिमा पर कोई बहस नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सनत नगर उस नेता के सम्मान की रक्षा करेगा, जो हर दिन यहां के लोगों के साथ खड़ा रहता है।

टीपीसीसी अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने भी ओवैसी की टिप्पणी को अनैतिक बताया और कहा, "ओवैसी को माफी मांगनी ही होगी।"

यह समर्थन अब सनत नगर से बाहर भी फैल गया है। सोशल मीडिया पर देशभर के लोग डॉ. कोटा नीलिमा के समर्थन में सामने आए हैं और ओवैसी की टिप्पणी के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का संदेश स्पष्ट है कि बिना माफी के, कोई पीछे नहीं हटेगा। जब तक ओवैसी सार्वजनिक रूप से और बिना शर्त माफी नहीं मांगते, तब तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और और भी तेज होगा।

--आईएएनए

एससीएच/वीसी

Share this story