सनातन भावनाओं के अपमान में कांग्रेस को 'मास्टरी' हासिल है: अजय आलोक
नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने 5 सितंबर को प्रस्तावित सीजेपी के मार्च, अयोध्या में अजय राय के मछली भोज कार्यक्रम, जातीय जनगणना, टीएमसी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट के नोटिस, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर विपक्ष के बयानों समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष पर मुद्दाविहीन होने का आरोप लगाते हुए कई मामलों में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।
5 सितंबर को प्रस्तावित सीजेपी के मार्च को लेकर अजय आलोक ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और संगठन को विरोध प्रदर्शन, मार्च या धरना आयोजित करने का अधिकार है। प्रदर्शन और मार्च के लिए निर्धारित नियम और कानून हैं। जो भी संगठन या पार्टी उन नियमों का पालन करता है, वह लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा सकता है। इसमें कोई नई बात नहीं है और लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता प्राप्त है।
अयोध्या में अजय राय के कार्यक्रम के दौरान मछली भोज को लेकर उठे विवाद पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह केवल आरोप नहीं है, बल्कि कैमरे में कथित तौर पर पूरा कार्यक्रम दिखाई दे रहा है। यह कार्यक्रम हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद और सावन के दौरान आयोजित किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन और हिंदू भावनाओं के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे मामलों में 'मास्टरी' हासिल हो चुकी है।
उन्होंने राहुल गांधी के पिछले सावन के दौरान राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साथ मांसाहारी भोजन से जुड़े प्रसंग का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस के नेताओं के लिए यह कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस नेता इस तरह के कार्य जानबूझकर करते हैं।
जातीय जनगणना को लेकर विपक्षी नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने पर अजय आलोक ने सवाल उठाया कि विपक्ष के पास सरकार से सवाल पूछने के अलावा कोई दूसरा काम नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार डिजिटल तरीके से जनगणना की जा रही है, जो पूरी दुनिया में एक कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। दरअसल, विपक्ष को आशंका है कि जनगणना पूरी होने के बाद उसकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हो जाएगी।
अजय आलोक ने विपक्षी दलों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे ओबीसी, एससी और एसटी की बात करते हैं, लेकिन जब किसी ओबीसी नेता को अपनी बात रखने का मौका देने की बात आती है तो उसे पर्याप्त समय तक बोलने नहीं दिया जाता।
टीएमसी के 20 सांसदों को सुप्रीम कोर्ट की ओर से नोटिस जारी किए जाने के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सभी को मान्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों को नोटिस जारी हुआ है, वे अदालत के सामने अपना जवाब देंगे। उन्होंने इसे एक सामान्य न्यायिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इस मामले में राजनीतिक टिप्पणी करने की कोई आवश्यकता नहीं है और अदालत की प्रक्रिया को उसी रूप में देखा जाना चाहिए।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ कथित 'नैरेटिव' चलाए जाने को गलत बताए जाने पर अजय आलोक ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ किसी को अलग से नैरेटिव बनाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के अपने बयान और गतिविधियां ही उनके खिलाफ राजनीतिक नैरेटिव तैयार कर देती हैं। राहुल गांधी की ओर से हिंदुओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर दिए गए बयानों को लेकर विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयानों को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री की टिप्पणी का हवाला देते हुए अजय आलोक ने कहा कि सवाल यह है कि राहुल गांधी की राजनीति में हिंदुओं को लेकर ही बार-बार टिप्पणी क्यों सामने आती है और अल्पसंख्यक महिलाओं या दूसरे धर्मों से जुड़े मुद्दों पर वह उसी तरह बात क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जानबूझकर हिंदू धर्म और हिंदू समाज को निशाना बनाते हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस दावे पर कि मुकाबला केवल भाजपा और सपा के बीच है, अजय आलोक ने कांग्रेस पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव का दावा सही है तो कांग्रेस पार्टी को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर यूपी में मुकाबला केवल भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच है तो कांग्रेस इतनी राजनीतिक सक्रियता क्यों दिखा रही है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा हिजाब को इस्लाम का अनिवार्य हिस्सा नहीं माने जाने संबंधी टिप्पणी पर अजय आलोक ने अदालत के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि स्कूलों में ड्रेस कोड का पालन होना चाहिए और धार्मिक संस्थानों तथा अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में अलग व्यवस्था हो सकती है।
पंजाब में आगामी चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति पर अजय आलोक ने कहा कि पार्टी की तैयारियां पूरी हैं। पंजाब में भाजपा के कार्यकर्ता और नेता उत्साहित हैं। पार्टी ने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। भाजपा पंजाब में अपने संगठन को मजबूत कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि राज्य की जनता उसे सत्ता में आने का अवसर देगी।
मुंबई में गणपति उत्सव के दौरान हुई घटना पर भाजपा प्रवक्ता ने नाराजगी जताई। उन्होंने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि जिसने भी यह हरकत की है, उसके खिलाफ प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। अजय आलोक ने कहा कि प्रशासन मामले को देख रहा है और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
--आईएएनएस
पीएसके

