संविधान को खत्म करने की साजिश हो रही है: वारिस पठान
मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कहा कि बाबासाहेब द्वारा लिखित संविधान की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में संविधान को खत्म करने की साजिश हो रही है।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में वारिस पठान ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर वे थे जिन्होंने संविधान लिखा। उसी संविधान पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री शपथ लेते हैं और देश उसी संविधान से चलता है। लेकिन आज के दिन भी संविधान को खत्म करने की बातें हो रही हैं। यूसीसी जैसे कानून लाकर लोगों को संविधान विरोधी बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश संविधान, कायदे-कानून और रूल ऑफ लॉ से चलेगा। अगर संविधान का सम्मान किया जाएगा तो देश सही रास्ते पर चलेगा और सेकुलर, प्रोग्रेसिव समाज की स्थापना होगी।
बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे पर वारिस पठान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भाजपा का पूर्व नियोजित षड्यंत्र है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ भी खेला हो गया। उन्हें इस्तीफा दिलवाकर भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के साथ जो हुआ, वही बिहार में नीतीश कुमार के साथ हुआ। अब आगे चंद्रबाबू नायडू का नंबर भी लग सकता है।
वारिस पठान ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीति में धोखे की मास्टर है और वह केवल वोट और सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है।
धर्मांतरण के मामले पर वारिस पठान ने कहा कि कोई भी धर्म जबरन धर्मांतरण सिखाता नहीं है। अगर कोई व्यक्ति जबरन धर्मांतरण कर रहा है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे मुस्लिम समुदाय को बदनाम करना और नफरत फैलाना पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि लव जिहाद, लैंड जिहाद, वोट जिहाद के बाद अब कॉरपोरेट जिहाद का नया शब्द गढ़ा जा रहा है। यह मुसलमानों को बदनाम करने की साजिश है।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने पर वारिस पठान ने चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि लगभग 90 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें ताकि किसी का भी मताधिकार छीना न जाए।
वारिस पठान ने कहा कि भाजपा कहीं भी माहौल खराब कर सकती है। हम लोग 10 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं, हमें कामयाबी मिलेगी, हक की लड़ाई है। अल्पसंख्यकों को अधिकार नहीं मिला। टीएमसी और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हम विकास के लिए गए हैं, भाजपा नफरत फैलाने गई है।
ड्रग्स मामले पर वारिस पठान ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को तबाह कर रहा है। उन्होंने मुंबई पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि अगर पुलिस चाहे तो ड्रग्स का कारोबार तुरंत खत्म कर सकती है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी

