Samachar Nama
×

संबित पात्रा ने पेश किया '10 कदम, 10 का दम' का रिपोर्ट कार्ड, कहा-'पीएम के विदेशी दौरों से बढ़ा देश का मान'

संबित पात्रा ने पेश किया '10 कदम, 10 का दम' का रिपोर्ट कार्ड, कहा-'पीएम के विदेशी दौरों से बढ़ा देश का मान'
संबित पात्रा ने पेश किया '10 कदम, 10 का दम' का रिपोर्ट कार्ड, कहा-'पीएम के विदेशी दौरों से बढ़ा देश का मान'

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने रविवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेशी दौरों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेशेल्स, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरों के साथ-साथ जापान के शीर्ष नेतृत्व की भारत यात्रा से देश को रणनीतिक, रक्षा और आर्थिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण लाभ मिले हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने अपनी प्रस्तुति को “10 कदम, 10 का दम” नाम दिया और कहा कि इन दौरों के जरिए भारत ने हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत इस पूरे क्षेत्र में “स्थिरता लाने वाली ताकत” के रूप में उभर रहा है।

पात्रा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई देशों की सरकारें और नीतियां बदली हैं लेकिन भारत ने राजनीतिक स्थिरता, नीति निरंतरता और आर्थिक मजबूती के जरिए दुनिया में भरोसा कायम किया है। कोविड महामारी, वैश्विक संघर्षों और आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत ने अपनी स्थिरता बनाए रखी है।

भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दौरों को हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक गठबंधन मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि सेशेल्स से लेकर इंडोनेशिया तक भारत ने समुद्री क्षेत्र में अपनी मौजूदगी और सहयोग को बढ़ाया है।

उन्होंने इंडोनेशिया के सबांग पोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह मलक्का जलडमरूमध्य के करीब स्थित है। पात्रा ने कहा कि मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक है, जहां बड़ी मात्रा में अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है।

उन्होंने कहा कि सबांग पोर्ट के विकास में इंडोनेशिया की रुचि भारत के लिए समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, यह पहल हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक पहुंच को मजबूत करेगी।

संबित पात्रा ने कहा कि रक्षा और समुद्री सहयोग किसी भी देश की सामरिक ताकत के महत्वपूर्ण आधार होते हैं। पहले भारत रक्षा जरूरतों के लिए बड़ी मात्रा में आयात पर निर्भर था, लेकिन अब देश रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल हथियार खरीदने वाला देश नहीं, बल्कि रक्षा उपकरणों का साझेदार और निर्यातक भी बन रहा है।

पात्रा ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए रक्षा समझौतों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना और न्यूजीलैंड डिफेंस फोर्स के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को लेकर “मेमोरेंडम ऑफ अरेंजमेंट” पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिससे रक्षा संबंध और मजबूत होंगे। इसके तहत दोनों देश समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण और आपसी सहयोग के क्षेत्रों में आगे बढ़ेंगे।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरों का एक प्रमुख उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा सुरक्षा और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना भी रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत अपनी रणनीतिक साझेदारियों को व्यापक बना रहा है।

पात्रा ने दावा किया कि मोदी सरकार की विदेश नीति का उद्देश्य भारत के राष्ट्रीय हितों को मजबूत करना और दुनिया के प्रमुख देशों के साथ दीर्घकालिक संबंध स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि हालिया विदेशी दौरों से भारत की भूमिका वैश्विक मंच पर और प्रभावशाली हुई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags