संभावनाओं का साल 2026 : जानें इस साल विश्व शिखर सम्मेलनों की अध्यक्षता कौन-कौन से देश करेंगे?
नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। साल 2026 की शुरुआत हो गई है। इस नए साल के मौके पर देश-दुनिया के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल है। 2025 में वैश्विक राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। वहीं भारत इन राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। वैश्विक राजनीति जिस तरह से बदल रही है, उसकी तस्वीर वैश्विक मंचों पर भी देखने को मिली। आइए जानते हैं कि इस साल दुनिया में कौन-कौन से शिखर सम्मेलन होने वाले हैं और कौन से देश इसकी अध्यक्षता करेंगे।
जी20, सीओपी, एपीईसी, ब्रिक्स, विश्व आर्थिक मंच, संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन, वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट, एआई इंपैक्ट समिट, जी7 समिट और नाटो शिखर सम्मेलन दुनिया की अर्थव्यवस्था और राजनीतिक भविष्य को आकार देंगे।
साल की शुरुआत के साथ ही भारत 1 जनवरी 2026 से ब्रिक्स समूह की कार्यकारी अध्यक्षता संभालेगा। पूरे साल ब्रिक्स से जुड़ी बैठकें और मंत्रिस्तरीय या नेताओं की शिखर बैठकें भारत के नेतृत्व में होंगी। संभावित नेताओं का शिखर सम्मेलन अगस्त/सितंबर 2026 में आयोजित होने की उम्मीद है।
इसके अलावा जी7 का आयोजन इस बार फ्रांस के नेतृत्व में किया जाएगा। फ्रांस जी7 शिखर सम्मेलन का आयोजन 14 से लेकर 16 जून 2026 को एवियन-लेस-बेंस में करेगा।
इसके अलावा, एपीईसी (एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग) की अध्यक्षता चीन करेगा। चीन एपेक समिट 2026 का आयोजन नवंबर में शेन्जेन शहर में करेगा।
वहीं जी20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता साल 2026 में अमेरिका करने वाला है। जी20 समिट का आयोजन 14-15 दिसंबर को मियामी में करेगा।
विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026) का आयोजन इस साल स्विट्जरलैंड के दावोस कोल्स्टर्स में 19 जनवरी से लेकर 23 जनवरी तक किया जाएगा।
सीओपी31 का नेतृत्व तुर्किए करने जा रहा है। इसका आयोजन 9 से लेकर 20 नवंबर तक होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया सीओपी प्रेसिडेंट फॉर नेगोशिएशंस की भूमिका में रहेगा। तुर्किए इस समिट का मुख्य मेजबान होगा, तो वहीं ऑस्ट्रेलिया समिट के दौरान बातचीत का नेतृत्व करेगा।
संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन की मेजबानी केन्या करेगा। इसका आयोजन केन्या के मोम्बासा और किलिफी में 16 से लेकर 18 जून 2026 तक किया जाएगा।
वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट का आयोजन दुबई में 3 से लेकर 5 फरवरी 2026 तक होगा।
'एआई इंपैक्ट समिट' पहली बार भारत में होने जा रहा है। नई दिल्ली में इसका आयोजन 19-20 फरवरी 2026 को होगा।
इसके अलावा 'वर्ल्ड सस्टेनेबल डेवलपमेंट समिट 2026' का आयोजन भी नई दिल्ली में 25-27 फरवरी को दिल्ली में ही होगा।
नाटो शिखर सम्मेलन का नेतृत्व 2026 में तुर्किए करने जा रहा है। इसका आयोजन 7 और 8 जुलाई 2026 को अंकारा में होगा।
क्वाड शिखर सम्मेलन का नेतृत्व इस साल भारत कर सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
--आईएएनएस
केके/जीकेटी

