Samachar Nama
×

समानता और बंधुत्व है संविधान की आत्मा: सीएम मोहन यादव

समानता और बंधुत्व है संविधान की आत्मा: सीएम मोहन यादव
समानता और बंधुत्व है संविधान की आत्मा: सीएम मोहन यादव

भोपाल, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारत के संविधान की आत्मा समानता और बंधुत्व है। संविधान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में आयोजित संविधान दिवस उत्सव पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संविधान दिवस उत्सव 2026 हमारी गौरवशाली विरासत और परंपरा का परिचायक है। समानता और बंधुत्व हमारे संविधान की आत्मा है। संविधान निर्माण में मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश का नाम इंडिया नहीं, भारत हो, यह तय करने में मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है।

मध्य भारत क्षेत्र के प्रतिनिधित्वकर्ता सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामत ने इंडिया के स्थान पर भारत नाम की वकालत की। मौलिक अधिकारों के निलंबन के खिलाफ भी मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही, डॉ. हरिसिंह गौर ने 1921 में इस बात पर जोर दिया कि भारत के न्यायालयों के सर्वोच्च निर्णय के लिए देश में ही सुप्रीम कोर्ट की स्थापना होनी चाहिए और वर्ष 1928 में पंडित मोतीलाल नेहरू भी इस विचार से सहमत हुए थे।

उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प. रविशंकर शुक्ल, भगवंत राव मंडलोई आदि ने राज्य और केंद्रों के अंशदान तथा कर बंटवारे का विषय उठाया। वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी व्यवस्था लागू कर व्यवस्था को कायम रखा और राज्यों के साथ सरलीकृत व्यवस्था लागू हुई। भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक चिह्न में चार शेर की पृष्टभूमि भी मध्य प्रदेश से जुड़ती है। इसके चित्रांकन में पंडित दीनानाथ भार्गव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को विधानसभा में पारित किया है, इस विषय को पहली बार राजकुमारी अमृत कौर ने उठाया था। समान नागरिक अधिकारों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार को धार्मिक आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। एक देश, एक विधान और एक प्रधान के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई राज्य सरकारों ने यूसीसी की ओर कदम बढ़ाए हैं। एक दिन देश की संसद भी यूसीसी को पारित करेगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम वंदे मातरम् और जन-गण-मन के गान के साथ आरंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि संविधान दिवस पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संविधान सभा में मध्य प्रदेश का वृहत्तर प्रतिनिधित्व विषय पर लगाई गई प्रदर्शनी तथा विधानपरिषद क्षेत्र में संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के चित्रों और कार्यों पर आधारित गैलरी का भी शुभारंभ किया गया है। अतिथियों का पुष्पगुच्छ तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत-अभिवादन किया गया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संविधान की उद्देश्यिका में तिथि, विक्रम संवत और शक संवत का भी उल्लेख मिलता है। हमारा संविधान 1950 में लागू हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री ने 1951 में ही इसमें प्रथम संशोधन किया। फिर 1954 में दूसरा संशोधन हुआ। संवैधानिक रूप से देश की संसद के पास संशोधन की शक्ति है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के बगैर संशोधन किए गए। इससे तत्कालीन सरकार का संविधान के प्रति दृष्टिकोण परिलक्षित होता है।

आपातकाल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के बाद देश में आपातकाल लागू करने, संविधान में 39वें और 42वें संशोधन के माध्यम से संविधान की व्यवस्थाओं को छिन्न-भिन्न करने में भी दिखाई देती है। इसके साथ ही न्यायपालिका की शक्ति को सीमित करने का भी प्रयास किया गया। आपातकाल में देश की गौरवशाली प्रेस-मीडिया और अभिव्यक्ति की आजादी पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने शाहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को चुनौती दी। इसके बाद वर्ष 1988 में मानहानि विधेयक लाकर प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित किया गया।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags