Samachar Nama
×

'समान अवसर सिर्फ कहने से नहीं, अमल करके दिखाना होगा', संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु

'समान अवसर सिर्फ कहने से नहीं, अमल करके दिखाना होगा', संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु
'समान अवसर सिर्फ कहने से नहीं, अमल करके दिखाना होगा', संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान दिवस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय तक पहुंच, स्वास्थ्य और मानवाधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि समान अवसर की बात केवल कहने से नहीं होगा, बल्कि इसे जमीन पर उतारना होगा। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी बराबर हैं, लेकिन इस सिद्धांत को व्यवहार में भी लागू करके दिखाना जरूरी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि तकनीक और मीडिया के प्रभाव से न्याय व्यवस्था में भी बदलाव आया है। सूचनाएं अब आम लोगों तक तेजी से और सीधे पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि देश सांस्कृतिक गौरव के साथ गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी बदलाव के तहत राष्ट्रपति के नाम के आगे 'एक्सीलेंसी' शब्द का प्रयोग नहीं किया जाता और राष्ट्रपति भवन में 'दरबार हॉल' जैसे नामों और संबोधनों को भी पीछे छोड़ दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान का कई भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया है, जिससे संविधान और उसकी भावना आम जनता तक पहुंच रही है। संथाली भाषा में संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह विशेष रूप से अच्छी लगती है।

राष्ट्रपति ने न्याय तक पहुंच के सवाल पर कहा कि हर व्यक्ति के पास हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने के अवसर नहीं होते। ऐसे में गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग के लोगों की मुश्किलों को आसान बनाने की जरूरत है। जिला अदालतों में लंबित मामलों को कम करने के लिए सरकार और लीगल सर्विसेज समितियां प्रयास कर रही हैं। उन्होंने महिला वकीलों की बढ़ती संख्या पर भी खुशी जताई।

मानवाधिकारों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान का पहला अनुच्छेद अद्भुत है और एक-एक शब्द में पूरी दुनिया को बदलने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में देश अपनी आजादी, संविधान और सुप्रीम कोर्ट के 100 वर्ष पूरे होने के अवसरों को मनाएगा।

राष्ट्रपति ने संविधान की मूल भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा इसके चार स्तंभ हैं। गांधीजी ने भी गांवों को भारत की आत्मा और विकास का रास्ता बताया था।

शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने स्कूल-कॉलेजों का पुनर्भ्रमण किया है और वहां के बुनियादी ढांचे में बदलाव दिखाई देता है। हालांकि, उन्होंने साझा शिक्षा के अनुभवों में आए बदलाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले अधिकारी और मंत्रियों की बेटियां भी एक साथ पढ़ती थीं, लेकिन आज ऐसा दृश्य कम दिखाई देता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि माता-पिता अमीर या गरीब हो सकते हैं, लेकिन बच्चे नहीं। गरीब का बच्चा भी राजा बेटा होता है और सभी बच्चों को समान शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज कई लोग शिक्षा के कारण अपने पदों और जिम्मेदारियों तक पहुंचे हैं, लेकिन बचपन में किसी को नहीं पता होता कि वह आगे चलकर क्या बनेगा। गांवों में रहने वाली बच्चियां भी समान अवसरों की हकदार हैं।

उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत बताते हुए कहा कि गरीब बच्चों को गरीबी की मानसिकता के साथ आगे बढ़ने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। जब सरकार सबको वोट देने का अधिकार और भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है, तो समान अवसर भी सुनिश्चित होने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि समान अवसर उपलब्ध हैं, तो असमानता क्यों बनी हुई है और क्या स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी इस दिशा में काम नहीं किया जा सकता?

राष्ट्रपति ने नक्सलवाद के मुद्दे पर सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि देश नक्सलमुक्त हो गया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के चेहरों में उन्हें मासूमियत दिखाई दी। उन्होंने कहा कि इन लोगों को बरगलाया गया था और उनके दिलों में क्रूरता नहीं थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे लोगों को सुधारने और समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए संस्थाओं को माता-पिता की तरह भूमिका निभानी चाहिए। माता-पिता को पता होता है कि उनके बच्चों को क्या परेशानी है। इसी तरह, देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी संस्थाओं को सक्रिय होकर काम करना होगा और लोगों को आगे बढ़ने के समान अवसर देने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि नक्सलवाद की राह पर लोगों को ले जाने वाले उनके पीछे के लोग सलाखों के पीछे हैं या नहीं, लेकिन आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं के चेहरों पर मासूमियत दिखाई देती है। उन्होंने दोहराया कि समानता और समान अवसर की बात केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अमल में लाना होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि कानून की नजर में सभी बराबर हैं, लेकिन अब इस बात को केवल कहने के बजाय व्यवहार में साबित करने की जरूरत है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags