सपा के शासनकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी : कैलाश राजपूत
लखनऊ, 11 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा यूपी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसने के बाद भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने आईएएनएस से कहा कि 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लूट, अपराध और महिलाओं के खिलाफ घटनाएं आम बात थीं। कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता ने भाजपा को भारी बहुमत दिया और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने का काम किया है।
बता दें कि अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर बयान देते हुए कहा था कि आखिरी नौ महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे, जब नौ साल में सरकार कुछ नहीं कर सकी।
वहीं, भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने भी अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में जंगलराज खत्म हुआ, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी की राजनीति का सफाया हो जाएगा। शशांक मणि त्रिपाठी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की जोड़ी 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
भाजपा सांसद ने कहा कि पार्टी ने विकास के मंत्र को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया है और जितने विकास कार्यों का लक्ष्य तय किया गया था, सरकार उस स्तर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
शशांक मणि त्रिपाठी ने विपक्ष के 'पीडीए' नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है जबकि कुछ दल केवल परिवार आधारित राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मानवता और समग्र समाज के विकास की भावना के साथ विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लिए काम कर रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

