Samachar Nama
×

सलमान खान से टाइगर श्रॉफ तक, फिल्मी सितारों की सुरक्षा पर एफडब्ल्यूआईसीई ने जताई चिंता

सलमान खान से टाइगर श्रॉफ तक, फिल्मी सितारों की सुरक्षा पर एफडब्ल्यूआईसीई ने जताई चिंता
सलमान खान से टाइगर श्रॉफ तक, फिल्मी सितारों की सुरक्षा पर एफडब्ल्यूआईसीई ने जताई चिंता

मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब फिल्मी सितारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों की सुरक्षा का मुद्दा फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी उठाया है।

संगठन का कहना है कि हाल के दिनों में फायरिंग, धमकी और जबरन वसूली जैसी घटनाओं ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा किया है।

एफडब्ल्यूआईसीई की ओर से मुंबई पुलिस कमिश्नर को यह पत्र भेजा गया। संगठन ने पत्र में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी हालिया फायरिंग की घटना के साथ-साथ अभिनेता सलमान खान और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी से जुड़े पहले के मामलों का भी जिक्र किया है। संगठन का कहना है कि ये घटनाएं अब किसी एक कलाकार तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं।

पत्र में एफडब्ल्यूआईसीई ने कहा, ''फिल्मी सितारे अपनी लोकप्रियता और सार्वजनिक पहचान के कारण लगातार अपराधियों के निशाने पर आ रहे हैं। उन्हें धमकियों, जबरन वसूली और निशाना बनाकर किए जाने वाले आपराधिक हमलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी घटनाओं से न सिर्फ संबंधित कलाकारों और उनके परिवारों की जान को खतरा पैदा होता है, बल्कि पूरी फिल्म बिरादरी में डर और अनिश्चितता का माहौल बनता है।''

संगठन ने पुलिस कमिश्नर से मांग की, ''फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों और उन पर हुए हमलों को गंभीरता से लिया जाए। जिन कलाकारों को विश्वसनीय धमकियां मिली हैं या जिन पर हमले का खतरा है, उनकी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से ही सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएं।''

एफडब्ल्यूआईसीई ने अपने पत्र में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कामकाज की जगहों पर भी निगरानी बढ़ाने की बात कही है। संगठन ने मुंबई पुलिस से फिल्म सेट, स्टूडियो, शूटिंग लोकेशन, प्रोडक्शन हाउस और उन दूसरी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का अनुरोध किया, जहां फिल्मी सितारों का आना-जाना लगा रहता है। संगठन का कहना है कि जरूरत के मुताबिक इन जगहों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए।

इसके अलावा एफडब्ल्यूआईसीई ने प्रोडक्शन टीम, निजी सुरक्षा कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा, ''शूटिंग के दौरान कलाकारों और बाकी टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन सभी के बीच सही तालमेल होना जरूरी है। फिल्म इंडस्ट्री के किसी भी सदस्य को धमकाने, डराने, जबरन वसूली करने या उन पर हमला करने वाले लोगों और समूहों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।''

संगठन ने फिल्म इंडस्ट्री के महत्व का जिक्र करते हुए कहा, ''यह देश की सांस्कृतिक पहचान और अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देती है। इस इंडस्ट्री से लाखों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। इसमें अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, टेक्नीशियन, कलाकार और दूसरे कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में सभी लोगों के लिए जरूरी है कि वे बिना किसी डर, धमकी या आपराधिक दबाव के अपना काम कर सकें और निजी जिंदगी भी सामान्य तरीके से जी सकें।''

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story