Samachar Nama
×

सैलरी कम होने पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, कहा- '12 हजार में गुजारा नामुमकिन नहीं, 12 घंटे करा रही कंपनी काम'

नोएडा, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज-2 क्षेत्र में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों का वेतन बढ़ोतरी को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को अचानक हिंसक हो गया। बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया, जो धीरे-धीरे उग्र रूप ले बैठा।
सैलरी कम होने पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, कहा- '12 हजार में गुजारा नामुमकिन नहीं, 12 घंटे करा रही कंपनी काम'

नोएडा, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज-2 क्षेत्र में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों का वेतन बढ़ोतरी को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को अचानक हिंसक हो गया। बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया, जो धीरे-धीरे उग्र रूप ले बैठा।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों और कंपनी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और कथित रूप से पत्थरबाजी भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद कम वेतन पर लंबे समय तक काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

एक प्रदर्शनकारी ने बताया, “11,000–12,000 रुपए के वेतन में आज के समय में गुजारा करना बहुत मुश्किल है। जब हम बाजार में सामान खरीदने जाते हैं, तो क्या हमें सस्ती दरें मिलती हैं? हमारी मांग है कि न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 26,000 प्रति माह किया जाए, ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से मिले और काम के घंटे तय हों।”

एक अन्य कर्मचारी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, “हमें किराया, राशन और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना पड़ता है। इतनी कम आमदनी में यह सब संभालना नामुमकिन हो जाता है।”

वहीं एक और प्रदर्शनकारी ने कहा, “12,000 रुपए में कुछ भी नहीं चल सकता। यह परिवार चलाने के लिए बिल्कुल पर्याप्त नहीं है। हमारी मांगें पूरी होनी ही चाहिए।”

मजदूरों का आरोप है कि उन्हें प्रतिदिन केवल 500 से 700 रुपए तक की मजदूरी मिलती है, जबकि उनसे 10 से 12 घंटे तक काम कराया जाता है। इसके अलावा ओवरटाइम का उचित भुगतान नहीं किया जाता और छुट्टी व बोनस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी जातीं। लगातार बढ़ती महंगाई और कार्यस्थल की इन समस्याओं के चलते मजदूरों में असंतोष बढ़ता गया, जो आखिरकार हिंसक प्रदर्शन में बदल गया।

घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को काबू में करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इस बीच, प्रदर्शन के कारण नोएडा और दिल्ली के बीच यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि चिल्ला बॉर्डर से नोएडा लिंक रोड पूरी तरह बाधित हो गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले योजना बना लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। नोएडा जाने वाले यात्रियों को डीएनडी, सराय काले खां या एनएच-24 और कोंडली ब्रिज के रास्ते जाने की सलाह दी गई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags