Samachar Nama
×

सैनिक की डीप ब्रेन स्टिमुलेशन के जरिए बेहद जटिल सर्जरी सफल

सैनिक की डीप ब्रेन स्टिमुलेशन के जरिए बेहद जटिल सर्जरी सफल
सैनिक की डीप ब्रेन स्टिमुलेशन के जरिए बेहद जटिल सर्जरी सफल

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली स्थित सेना अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) में 33 वर्षीय सेवारत सैनिक की मस्तिष्क की एक बेहद जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। जिस सैनिक की सर्जरी की गई वह कम उम्र में होने वाली पार्किंसंस बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी ने उसकी शारीरिक गतिविधियों और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता को बुरी तरह प्रभावित कर दिया था।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि ऐसी परिस्थिति में आर्मी अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (डीबीएस) तकनीक के जरिए उसकी सफल सर्जरी की। इस आधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया से सैनिक को बेहतर शारीरिक नियंत्रण, आत्मनिर्भरता और सामान्य जीवन की ओर लौटने की नई उम्मीद मिली है। यह उपलब्धि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की उन्नत चिकित्सा क्षमताओं और विशेषज्ञता को दर्शाती है।

दरअसल, पार्किंसंस बीमारी एक तंत्रिका संबंधी विकार है, जो शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करने की क्षमता को प्रभावित करता है। इसके कारण मरीज को चलने-फिरने, हाथ-पैर हिलाने और शरीर का संतुलन बनाए रखने में परेशानी हो सकती है। आमतौर पर इस बीमारी को अधिक उम्र से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन कुछ लोगों में इसके लक्षण कम उम्र में भी दिखाई देने लगते हैं।

33 वर्षीय इस सैनिक के मामले में बीमारी का असर इतना गंभीर हो गया था कि उसकी रोजमर्रा की गतिविधियां और काम करने की क्षमता प्रभावित होने लगी थी। ऐसी स्थिति में डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी एक उन्नत उपचार विकल्प के रूप में सामने आती है। इस प्रक्रिया में मस्तिष्क के विशेष हिस्सों में इलेक्ट्रोड लगाए जाते हैं, जिनके माध्यम से नियंत्रित विद्युत संकेत भेजे जाते हैं।

इन संकेतों का उद्देश्य मस्तिष्क की असामान्य गतिविधियों को नियंत्रित कर शरीर की गतिविधियों से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद करना है। इस तकनीक का इस्तेमाल पार्किंसंस बीमारी के कुछ मरीजों में शारीरिक गतिविधियों पर बेहतर नियंत्रण पाने के लिए किया जाता है। हालांकि, इसका लाभ मरीज की स्थिति और बीमारी की गंभीरता पर निर्भर करता है।

आर्मी अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) में की गई यह सर्जरी अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों के इस्तेमाल और विशेषज्ञ चिकित्सकों की क्षमता को सामने लाती है। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच तालमेल और सामूहिक प्रयास की अहम भूमिका रही।

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं ने इस उपलब्धि के जरिए अपने कर्मियों को उन्नत और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दोहराया है। यह सर्जरी सैनिक के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आई है। इससे उसके शरीर की गतिविधियों पर नियंत्रण में सुधार, रोजमर्रा के कामों में अधिक स्वतंत्रता और जीवन की गुणवत्ता बेहतर होने की संभावना है।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएसएच

Share this story

Tags