Samachar Nama
×

सैफ चैंपियनशिप के लिए भारत की 28 सदस्यीय टीम का ऐलान

सैफ चैंपियनशिप के लिए भारत की 28 सदस्यीय टीम का ऐलान
सैफ चैंपियनशिप के लिए भारत की 28 सदस्यीय टीम का ऐलान

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सैफ चैंपियनशिप 2026 के लिए 28 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 5 से 17 नवंबर तक बांग्लादेश के ढाका में आयोजित होगा। नौशाद मूसा को राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।

मूसा, जो वर्तमान में भारत की अंडर-23 पुरुष टीम के कोच हैं, भारतीय टीम को अपना खिताब बचाने के अभियान में मार्गदर्शन देंगे। वहीं, बिबियानो फर्नांडीस को सहायक कोच बनाया गया है। फर्नांडीस ने हाल ही में अजरबैजान में हुए फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप और फेस्टिवल में भारत की अंडर-15 पुरुष टीम को कोचिंग दी थी।

भारत ने 2023 में बेंगलुरु में खेले गए फाइनल में कुवैत को हराकर पिछला संस्करण जीता था। अब टीम अपने 9 खिताबों के रिकॉर्ड को आगे बढ़ाते हुए 10वीं बार चैंपियनशिप जीतने के इरादे से उतरेगी। भारत को मालदीव और पाकिस्तान के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 5 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी, और इसके बाद 11 नवंबर को मालदीव से भिड़ेगी। ग्रुप चरण के ये दोनों मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होंगे। मेजबान बांग्लादेश को श्रीलंका और भूटान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।

इस बीच, ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के लिए अपने खिलाड़ियों को भेजने और राष्ट्रीय टीम की तैयारियों में सहयोग देने के लिए क्लबों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "हम सैफ चैंपियनशिप के लिए अपने खिलाड़ियों को भेजने में सहयोग और समर्थन देने के लिए सभी क्लबों को धन्यवाद देना चाहते हैं। हम उनकी समझदारी की सराहना करते हैं कि उन्होंने खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति दी।"

एआईएफएफ ने यह भी पुष्टि की है कि 18 खिलाड़ी 3 नवंबर को कोलकाता से ढाका के लिए रवाना होंगे, जबकि बाकी 10 खिलाड़ी बाद के दिनों में टीम के साथ जुड़ेंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल मैच 14 नवंबर को खेले जाएंगे, जिसमें पहला सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे और दूसरा सेमीफाइनल रात 8 बजे शुरू होगा। फाइनल 17 नवंबर को शाम 7:30 बजे पर खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मैच ढाका के नेशनल स्टेडियम में होंगे।

सैफ चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत की टीम:

गोलकीपर: अर्श अनवर शेख, मोहनराज के, प्रियांश दुबे।

डिफेंडर: अब्दुल रबीह, बिजॉय वर्गीस, चिंगलेनसाना सिंह कोनशाम, हमिंगथनमाविया राल्ते, खैमिनथांग लुंगडिम, मुहम्मद उवैस, नाथन रोड्रिग्स, रोनी खारबुडन, संदीप मंडी।

मिडफील्डर: अभिषेक सूर्यवंशी, एडिसन सिंह थोकचोम, ब्रिसन फर्नांडीस, एबिंडास येसुदासन, फारुख चौधरी, मैकर्टन निकसन, मंगलेंथांग किपगेन, निखिल प्रभु, नौफल पीएन, रिकी जॉन शाबोंग, सुरेश सिंह वांगजाम।

फॉरवर्ड: इरफान यदवाड, लिस्टन कोलाको, मुहम्मद सुहैल, विष्णु पीवी, सुहैल अहमद भट।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags