साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर तंजानिया को भारत का सहयोग
नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। भारत व तंजानिया के सैन्य अधिकारी साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आपस में सहयोग कर रहे हैं। तंजानिया पीपुल्स डिफेन्स फोर्सेज के वरिष्ठ अधिकारी मंगलवार को भारत के साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र पर पहुंचे। यह दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में एक बड़ी पहल है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, तंजानिया पीपुल्स डिफेन्स फोर्सेज (टीपीडीएफ) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर है। भारत आए तंजानिया पीपुल्स डिफेन्स फोर्सेज के इन अधिकारियों ने मंगलवार को भारतीय सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत के रक्षा व साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम केंद्रों का भी दौरा किया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, डिफेन्स फोर्सेज के इन अधिकारियों ने 17 फरवरी को अपनी यह भारत यात्रा शुरू की है। यह विजिट 19 फरवरी तक चलेगी और इन तीन दिनों के दौरे में तंजानिया के सैन्य अधिकारी विभिन्न स्तर पर भारतीय अधिकारियों से वार्ता व मुलाकात करेंगे। बैठकों में सबसे ज्यादा चर्चा साइबर सुरक्षा को लेकर हुई।
दोनों देशों ने माना कि आज के समय में साइबर खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए इस क्षेत्र में मिलकर काम करना बहुत जरूरी है। यह बातचीत तकनीकी जानकारी साझा करने, संयुक्त प्रशिक्षण, और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने जैसे विषयों पर केंद्रित है।
तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय रक्षा साइबर सुरक्षा संस्थानों में जाकर देखा कि भारत किस तरह साइबर हमलों से निपटने की तैयारी कर रहा है। उन्हें आधुनिक सिस्टम, निगरानी तंत्र और प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई।
दरअसल, यह दौरा दिखाता है कि भारत और तंजानिया के बीच रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। अक्टूबर 2023 में तंजानिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान जो पांच साल का रक्षा सहयोग रोडमैप तय हुआ था, उसी के तहत यह पहल आगे बढ़ रही है। दोनों देशों का उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में भरोसा बढ़ाना व नई तकनीकों में साथ काम करना है। इसके अलावा, दोनों देश भविष्य की चुनौतियों के लिए मिलकर तैयारी कर सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस आधिकारिक यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी

