Samachar Nama
×

साईं सुदर्शन: भरोसे का दूसरा नाम, जिन्हें भारतीय टी20 टीम में एक अदद मौके की तलाश

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए भरोसे का दूसरा नाम बन चुके हैं। इस सीजन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की लगातार दो पारियों में साईं ने 100 और 87 रन की पारियां खेलकर एक बार फिर से खुद को साबित किया है।
साईं सुदर्शन: भरोसे का दूसरा नाम, जिन्हें भारतीय टी20 टीम में एक अदद मौके की तलाश

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए भरोसे का दूसरा नाम बन चुके हैं। इस सीजन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की लगातार दो पारियों में साईं ने 100 और 87 रन की पारियां खेलकर एक बार फिर से खुद को साबित किया है।

15 अक्टूबर 2001 को चेन्नई में जन्मे एथलीट पिता की संतान साईं सुदर्शन को खेल का हुनर ​​विरासत में मिला। उनके पिता ने साउथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और मां तमिलनाडु के लिए वॉलीबॉल खेल चुकी हैं।

लंबे कद के इस बल्लेबाज ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) के जरिए पहचान बनाई। वह टीएनपीएल 2021 सीजन में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर रहे, उसी साल तमिलनाडु के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में डेब्यू किया और एक साल बाद रणजी ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेला। अपने पहले ही सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 'नंबर 3' पर एक भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर चमक बिखेरी। इसके अगले सीजन में विजय हजारे ट्रॉफी में रनों का अंबार लगा दिया।

इसके बाद उन्हें तमिलनाडु के सभी फॉर्मेट की टीमों में शामिल कर लिया गया। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद साईं सुदर्शन पर गुजरात टाइटंस ने भरोसा जताया था। इस फ्रेंचाइजी ने साल 2022 में बाएं हाथ के बल्लेबाज को 20 लाख के बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ा।

साईं ने अपने पहले ही सीजन 5 मुकाबलों में 36.25 की औसत के साथ 145 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल थी। इसके बाद अगले सीजन उन्हें 8 मुकाबले खेलने के मौके मिले, जिसमें 51.71 की औसत के साथ कुल 362 रन जुटाए। इस सीजन उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले। आईपीएल 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 47 गेंदों पर बनाए गए 96 रनों की पारी शायद ही कोई फैन भूल सके। उनकी इस पारी ने जीटी को उसका पहला आईपीएल खिताब दिलाया था।

आईपीएल 2024 में साईं लगातार तीसरी बार 20 लाख रुपए के बेस प्राइज पर इस टीम के लिए खेले। यह सीजन उनके लिए बेहद खास रहा, जिसमें 47.90 की औसत के साथ 527 रन जोड़े। इस दौरान साईं ने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए।

इन तीन सीजन में जीटी को साईं की काबिलियत का बखूबी अंदाजा हो गया था। यही वजह रही कि साल 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्होंने साईं पर 8.50 करोड़ रुपए की बोली लगा दी। इस नीलामी ने साईं की कीमत में 4,150 प्रतिशत इजाफा कर दिया।

साईं सुदर्शन एक बार फिर टीम के भरोसे पर खरा उतरे। उन्होंने आईपीएल 2025 में 15 मुकाबले खेलते हुए 54.21 की औसत के साथ 759 रन बनाए। इस दौरान 6 अर्धशतक और 1 शतक लगाया। साईं आईपीएल 2025 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।

आईपीएल 2026 के लिए जीटी ने इस खिलाड़ी को रिटेन किया। इस सीजन के अपने पहले मैच में महज 13 रन बनाने के बाद साईं ने अगले ही मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध 73 रन की पारी खेली। हालांकि, इसके बाद 12, 15, 22 और 0 रन की पारियां खेलकर फैंस को कुछ हद तक निराश जरूर किया।

...लेकिन लगातार चार पारियों में बल्ले से शांत रहने के बाद साईं ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 58 गेंदों में 16 बाउंड्री के साथ 100 रन जड़े। हालांकि, टीम मैच नहीं जीत सकी। अगले मुकाबले में साईं चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 46 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 87 रन बनाकर जीत के हीरो बन गए।

साईं सुदर्शन को साल 2023 में वनडे फॉर्मेट में डेब्यू का मौका मिला था। साउथ अफ्रीका में मेजबान टीम के खिलाफ उस सीरीज में साईं ने 55*, 62 और 10 रन की पारियां खेलीं, लेकिन 63.50 की औसत के साथ 127 रन बनाने के बावजूद फिर कभी वनडे सीरीज में जगह नहीं बना सके।

साल 2025 में इंग्लैंड दौरे पर इस खिलाड़ी को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। साईं ने 6 टेस्ट मुकाबलों की 11 पारियों में 27.45 की औसत के साथ 302 रन बनाए, जिनमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। उन्हें 7 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में भी मौका दिया गया था, लेकिन बल्लेबाजी का नंबर ही नहीं आ सका। इसके बाद फिर कभी टी20 फॉर्मेट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके।

39 फर्स्ट-क्लास मुकाबलों में यह बल्लेबाज 8 शतक और 9 अर्धशतक के साथ 2,591 रन बना चुका है, जबकि 30 लिस्ट-ए मुकाबलों में 59.80 की औसत से 1,495 रन जुटाए हैं। अपने करियर में कुल 74 टी20 मुकाबले खेल चुके साईं ने इस फॉर्मेट के 74 मुकाबलों में 4 शतकों और 17 अर्धशतकों के साथ 2,785 रन जुटाए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें भारत की टी20 टीम में बल्लेबाजी के मौके की तलाश है।

साईं सुदर्शन ने साबित किया है कि वह तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज हैं। तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ रन बनाने की काबिलियत रखने वाले साईं पावरप्ले में टीम को मजबूती देते हैं और जरूरत पड़ने पर तेजी से खेलते हैं। यकीनन वह भारतीय टी20 टीम में जगह पाने के हकदार हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags