Samachar Nama
×

साहिबगंज में टेंट हाउस संचालक की गोली मारकर हत्या, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

साहिबगंज में टेंट हाउस संचालक की गोली मारकर हत्या, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
साहिबगंज में टेंट हाउस संचालक की गोली मारकर हत्या, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

साहिबगंज, 9 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार देर रात टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शहर के पूर्वी फाटक के पास रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने इस मामले में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक जवान बोकारो जिला बल में पदस्थापित बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मुन्ना साह और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली चलने से मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ रेहान ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर छापेमारी की। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार जवानों में पवन कुमार साह शामिल है। उस पर मुन्ना साह के साथ हुए विवाद के बाद गोली चलाने का आरोप है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

मुन्ना साह शहर में टेंट हाउस का संचालन करते थे। इसके अलावा वह हलवाई का काम भी करते थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही सदर अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags