Samachar Nama
×

सही समय पर लागू होगा यूसीसी, विपक्ष दूसरे मुद्दों के बहाने अशांति फैलाने की कर रहा कोशिश : दिलीप घोष

सही समय पर लागू होगा यूसीसी, विपक्ष दूसरे मुद्दों के बहाने अशांति फैलाने की कर रहा कोशिश : दिलीप घोष
सही समय पर लागू होगा यूसीसी, विपक्ष दूसरे मुद्दों के बहाने अशांति फैलाने की कर रहा कोशिश : दिलीप घोष

न्यूटाउन, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), राज्य में हो रही घटनाओं और विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करना पार्टी का फैसला है और सरकार इसे सही समय पर लागू करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास से जुड़े कई काम हैं और राज्य में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जनता से किए गए लगभग सभी वादे पूरे किए जा चुके हैं। जो काम बाकी हैं, उनमें से कई नीतिगत और कानूनी मामलों से जुड़े हैं। इन कार्यों को पूरा करने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना जरूरी है। बाकी काम भी उचित समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।

राज्य में कानून-व्यवस्था से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो रही हैं और पुलिस उन पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ दलों के पास कोई स्पष्ट उद्देश्य, विचारधारा या मूल्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी भी मुद्दे को लेकर खड़े हो जाते हैं और काम करने के बहाने अपना चेहरा छिपाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, इससे उन्हें कोई लाभ नहीं मिलेगा।

एक अन्य मुद्दे पर भारतीय पायलटों का जिक्र करते हुए दिलीप घोष ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अभिनंदन फाइटर प्लेन से पाकिस्तान गए थे और वहां से लौटने के बाद पूरे देश ने उनका स्वागत और सम्मान किया था।

उन्होंने एक अन्य पायलट कैप्टन स्मित की भी तारीफ की, जिन्होंने बड़ी संख्या में यात्रियों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस दिखाया। दिलीप घोष ने कहा कि उनकी दुनियाभर में सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री ने भी उन्हें विशेष रूप से सम्मानित और सराहा है। उन्होंने कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री भी उन्हें सम्मानित करना चाहते हैं। यह भारत के लिए गर्व की बात है कि भारतीय अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की सेवा और लोगों की जान बचाने का काम करते हैं।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि उन्होंने अब तक कांग्रेस का समर्थन किया है और सीपीआई (एम) को दोबारा खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए वह किसी से भी समझौता कर सकती हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों पर भी दिलीप घोष ने विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में चुनाव होने वाले हैं और चुनाव से पहले इंडी गठबंधन किसी न किसी मुद्दे को लेकर सामने आ जाता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी निकाय चुनाव होने हैं, इसलिए विपक्ष को किसी मुद्दे की तलाश है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story