सहारनपुर पहुंचे नितिन नवीन, 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सहारनपुर, 22 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को सहारनपुर पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सहारनपुर के अपने पहले दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
सहारनपुर पहुंचने पर टोल के पास बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। नितिन नवीन और पंकज चौधरी वाहन के सनरूफ पर खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। कार्यकर्ता लगातार नारे लगा रहे थे और दोनों नेता हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए कार्यकर्ता बाइक लेकर सड़कों पर निकले। नागल और कोलकी टोल की ओर बढ़ते इस काफिले में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। सहारनपुर पहुंचने के बाद नितिन नवीन गुरु रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचकर परिवार के साथ भोजन करेंगे। दोपहर में अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको होटल में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व एमएलसी के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, क्षेत्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। इसमें संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। शाम को नितिन नवीन दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
वहीं, पूर्व सांसद राघव लखन पाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के सहारनपुर दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संगठनात्मक बैठकों में संगठन को मजबूत करने और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। विधानसभा चुनाव अगले कुछ महीनों में होने हैं, ऐसे में चुनाव भी संगठन के लिए महत्वपूर्ण विषय है।
इससे पहले मेरठ से सहारनपुर जाते समय नितिन नवीन का मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। खतौली, मुजफ्फरनगर बाईपास और टोल प्लाजा समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और मंत्री नरेंद्र कश्यप समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान नितिन नवीन के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहे। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं और 2027 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2022 में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा, जबकि 2024 में पार्टी को चुनावी नुकसान हुआ। मुजफ्फरनगर में स्वागत के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके

