सफाईकर्मी की मौत के बाद दिल्ली में सियासत गरम, "आप" ने पुलिस पर जबरन अंतिम संस्कार कराने का लगाया आरोप
नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में ड्यूटी के दौरान एक सफाई कर्मचारी की कथित निर्मम हत्या के बाद आम आदमी पार्टी और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस मृत सफाई कर्मचारी के परिवार पर दबाव बनाकर जबरन अंतिम संस्कार करवाना चाहती है। पार्टी का आरोप है कि मृतक के परिजन न्याय और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस परिवार को अपनी इच्छा के मुताबिक अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर कर रही है।
"आप" नेताओं के मुताबिक, सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद पिछले दो दिनों से हजारों सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार को न्याय दिलाया जाए। पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन और मुआवजे की मांग के बीच पुलिस मृतक के शव को अस्पताल से उसके घर लेकर पहुंची और परिवार पर अंतिम संस्कार के लिए दबाव बनाया गया। आम आदमी पार्टी का दावा है कि मृतक के परिवार के सदस्यों को भी सुबह-सुबह पुलिस अपने साथ ले गई।
पार्टी नेताओं ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर परिवार की सहमति के बिना अंतिम संस्कार कराने की इतनी जल्दबाजी क्यों की जा रही है। "आप" नेताओं का कहना है कि मृतक का परिवार गरीब है और दलित समाज से आता है, इसलिए सरकार और पुलिस को परिवार की मांगों को सुनना चाहिए और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। इस पूरे मामले में आप के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस का रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
पार्टी की ओर से मृतक के परिजनों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि पुलिस उन्हें लगातार अंतिम संस्कार के लिए कह रही है। परिवार की मांग है कि पहले हत्या के मामले में न्याय मिले और उनकी मांगों पर सरकार स्पष्ट निर्णय ले। वहीं, आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक कुलदीप कुमार को कथित तौर पर रात में हिरासत में लिए जाने और उनके घर की डीवीआर ले जाए जाने का भी आरोप लगाया है। पार्टी के विधायक संजीव झा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि दिल्ली में ड्यूटी के दौरान एक सफाई कर्मचारी की हत्या बेहद दुखद और गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने की आवाज उठाने वाले कुलदीप कुमार के बारे में जानकारी सामने आनी चाहिए।
संजीव झा ने बताया कि वह डीसीपी ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कार्यालय पहुंचे और कुलदीप कुमार के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। उनके मुताबिक, वह डीसीपी से मिलने और सफाई कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करने के लिए कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन उस समय डीसीपी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि कुलदीप कुमार को किस मामले में हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।
"आप" विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई जनप्रतिनिधि किसी पीड़ित परिवार की आवाज उठा रहा है तो उसे दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और पुलिस को पूरे मामले में पारदर्शिता बरतनी चाहिए। आम आदमी पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली सरकार और पुलिस से मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार की मांगों पर तत्काल विचार करने, हत्या की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अंतिम संस्कार परिवार की सहमति और सम्मान के साथ होना चाहिए तथा किसी भी तरह का दबाव बनाकर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

