Samachar Nama
×

सड़क दुर्घटनाओं में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की गई जान, रफ्तार बनी वजह

सड़क दुर्घटनाओं में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की गई जान, रफ्तार बनी वजह
सड़क दुर्घटनाओं में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की गई जान, रफ्तार बनी वजह

ग्रेटर नोएडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात और उससे पहले हुईं तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार, लापरवाही और अनियंत्रित वाहनों के कारण हुए इन हादसों में कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मामले में घायल चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सबसे दर्दनाक हादसा दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गंग नहर रोड पर हुआ, जहां बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल दो हिस्सों में टूट गई। हादसे में हरिकेश और उनकी पत्नी प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक अपनी कार घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इसी रात दनकौर थाना क्षेत्र में एक और हादसा सामने आया। पुलिस के अनुसार, अनीश पुत्र शेर मोहम्मद (46 वर्ष), निवासी कस्बा औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर, अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बुलंदखेड़ा-बिलासपुर के पास उनकी बाइक अचानक एक पशु से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दूसरा बड़ा सड़क हादसा बीटा-2 थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, तीसरी घटना बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला स्थित जीटी रोड पर हुई। सिकंदराबाद से रोहतक जा रहा सरिया से लदा कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर एक निजी स्कूल के सामने स्थित महेश किराना स्टोर में जा घुसा। टक्कर के बाद कैंटर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक नरेश कुमार (25 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ापुरा, थाना सोरों, जिला कासगंज, केबिन में फंस गया।

सूचना मिलते ही बादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन तथा गैस कटर की मदद से लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और जहां भी लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags