Samachar Nama
×

सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनाने का रास्ता साफ, वरिष्ठता भी रहेगी सुरक्षित

सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनाने का रास्ता साफ, वरिष्ठता भी रहेगी सुरक्षित
सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनाने का रास्ता साफ, वरिष्ठता भी रहेगी सुरक्षित

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अग्निवीर योजना को लेकर सामने आ रहे सवालों के बीच रक्षा अधिकारियों ने गुरुवार को कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर फिर से स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों ने साफ किया है कि चार साल की शुरुआती सेवा के बाद नियमित कैडर में शामिल नहीं होने वाले शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए भी नियमित सैनिक बनने का रास्ता खुला रहेगा।

दो साल की दूसरी सेवा अवधि पूरी करने के बाद उन्हें नियमित कैडर में शामिल किया जाएगा। इस चरण में नियमित सैनिक के रूप में अग्निवीर जवानों को सेना में शामिल किया जाएगा।

रक्षा अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे कार्यकाल के बाद नियमित सैनिक बनने वाले अग्निवीरों की वरिष्ठता सुरक्षित रहेगी। उन्हें अपने ही बैच के उन अग्निवीरों के तुरंत बाद स्थान दिया जाएगा, जो पहले चार साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित कैडर में शामिल हो गए थे। यानी वे अपने बाद के बैचों के अग्निवीरों से कनिष्ठ नहीं होंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, अग्निवीरों के नियमित कैडर में शामिल होने के लिए उनकी इच्छा, शारीरिक फिटनेस और अनुशासन प्रमुख मानदंड होंगे। दूसरे सेवा कार्यकाल के बाद नियमित सैनिक बनने के लिए अग्निवीरों की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि अग्निपथ योजना वापस नहीं ली गई है।

रक्षा अधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि अग्निपथ योजना को वापस नहीं लिया गया है। योजना के तहत पहले चार साल की सेवा व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। इसमें केवल दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि जोड़ी गई है। इसका उद्देश्य उन अग्निवीरों को भी सेना में लंबी अवधि तक सेवा करने और नियमित सैनिक बनने का अवसर देना है, जो पहले चार साल के बाद नियमित कैडर में शामिल नहीं हो पाए थे।

इस स्पष्टीकरण के साथ रक्षा अधिकारियों ने तीन अहम बातें साफ की हैं। पहले चार साल के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीर नियमित कैडर में शामिल होंगे, शेष 75 प्रतिशत को दो साल की दूसरी सेवा अवधि मिलेगी और इसके बाद नियमित कैडर में शामिल होने के लिए कोई संख्या सीमा नहीं होगी। साथ ही, उनकी वरिष्ठता भी सुरक्षित रहेगी। इस तरह आज रक्षा अधिकारियों ने अग्निवीरों के लिए छह साल की सेवा के बाद नियमित सैनिक बनने के अवसर और वरिष्ठता से जुड़े सवालों पर स्थिति स्पष्ट की है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अग्निवीर योजना में बड़ा बदलाव करते हुए अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद दो साल की दूसरी सेवा अवधि देने का फैसला किया है।

बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। 25 प्रतिशत अग्निवीर भारतीय सशस्त्र सेनाओं में नियमित सैनिक के रूप में शामिल होंगे। शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का यह दूसरा कार्यकाल मिलेगा। इस फैसले से चार साल की सेवा पूरी करने वाले उन अग्निवीरों को भी सशस्त्र सेनाओं में अपनी सेवाएं जारी रखने का अवसर मिलेगा, जिन्हें नियमित सैनिक के रूप में शामिल नहीं किया जा रहा है। दो वर्ष बाद इन अग्निवीरों को सेना में नियमित किए जाने का भी प्रावधान होगा।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएसएच

Share this story

Tags