Samachar Nama
×

एसए20 ने खींचा फैंस का ध्यान, स्टेडियम में उमड़ी है भीड़: क्रिस मॉरिस

एसए20 ने खींचा फैंस का ध्यान, स्टेडियम में उमड़ी है भीड़: क्रिस मॉरिस
एसए20 ने खींचा फैंस का ध्यान, स्टेडियम में उमड़ी है भीड़: क्रिस मॉरिस

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भले ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) आर्थिक, व्यासायिक और खेल के नजरिए से टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग में सबसे आगे है, लेकिन साउथ अफ्रीका की एसए20 लीग ने भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

टूर्नामेंट का पांचवां सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज क्रिस मॉरिस का मानना है कि टूर्नामेंट की सफलता स्थानीय फैंस की वफादारी बनाने पर निर्भर करती है। मॉरिस ने मंगलवार को 'सीजन 5' के ऑक्शन से पहले आयोजित एक ऑनलाइन बातचीत में 'आईएएनएस' से ​​कहा, "सबसे पहले तो इसने दर्शकों को अपनी ओर खींचा है। इससे पहले जो लीग हुई हैं और जिन्होंने हमारी नंबर वन लीग बनने की कोशिश की है, उनके प्रति कोई अनादर नहीं है, लेकिन एसए20 आई है और इसने उसी फॉर्मूले का इस्तेमाल किया है जो आईपीएल का था - यानी पूरे देश में फ्रेंचाइजी होना। मुझे लगता है कि सबसे अहम बात यह है कि अब लोगों के पास सपोर्ट करने के लिए अपनी टीमें हैं। पांचवें सीजन में जाते हुए, लोगों के पास अपनी टीम है और वे जानते हैं, 'मैं यहां का रहने वाला हूं, यह मेरी जगह है और यह वह टीम है जिसे हम सपोर्ट करते हैं।' जबकि पहले ऐसा होता था कि आपका स्थानीय प्रांत किसी पड़ोसी प्रांत की टीम के खिलाफ खेल रहा होता था।"

उन्होंने कहा, "पहले यह तय करना मुश्किल होता था कि किसे सपोर्ट करें, लेकिन एसए20 में यह स्पष्ट तौर पर तय है कि आप किसे सपोर्ट करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि लोग फिर से क्रिकेट देखने जाना चाहते हैं। हर मैच में हमारे स्टेडियम खचाखच भरे रहते हैं। यह ऐसा टूर्नामेंट है जिसका लोग हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं।"

हालांकि, साउथ अफ्रीका में क्रिकेट फैंस के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट ही मुख्य आकर्षण बना हुआ है, लेकिन मॉरिस ने बताया कि एसए20 ने अलग-अलग तरह के फैंस को स्टेडियम में लाइव मैच देखने का अनुभव देकर सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा, "प्रोटियाज हमेशा नंबर-1 रहेंगे। प्रोटियाज महिला टीम हमेशा नंबर वन रहेगी। लोग उन्हें देखने जाना चाहते हैं, लेकिन एसए20 की वजह से भी लोग साउथ अफ्रीका में क्रिकेट देखने जाते हैं, क्योंकि वे उस माहौल का हिस्सा बनना चाहते हैं। वे उस अनुभव का हिस्सा बनना चाहते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि ऐसे लोग भी स्टेडियम में पहली बार क्रिकेट देखने जा रहे हैं जो आमतौर पर क्रिकेट नहीं देखते। जब आपके पास ऐसा सिस्टम हो, जिसमें सही खिलाड़ी, सही माहौल और सही ऊर्जा हो और उसे अच्छे से चलाया जा रहा हो, तो बहुत सारे लोग क्रिकेट देखने आते हैं।"

मॉरिस के नजरिए से, एसए20 का भविष्य बहुत उज्ज्वल दिखता है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आगे चलकर यह और बड़ा होगा। हमारे पास आईपीएल जैसा ही सिस्टम है। उस सिस्टम की वजह से लोग आईपीएल देखना चाहते हैं। इसके अलावा, वे साउथ अफ्रीका में आईपीएल टीमों को सपोर्ट कर रहे हैं, जो बहुत अच्छी बात है। यह और मजबूत होता जाएगा, क्योंकि दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ी साउथ अफ्रीका आना चाहते हैं, लेकिन खुद यह प्रोडक्ट भी अच्छा है। क्रिकेट वाकई बहुत अच्छा है; जो खिलाड़ी यहां आकर खेलना चाहते हैं, उनके लिए यही मुख्य आकर्षण है। मुकाबलों का असल प्रोडक्ट वाकई बहुत अच्छा रहा है। हां, कभी-कभी एकतरफा मैच भी होते हैं। लेकिन अगर आप मैचों को देखें, तो वे सभी रोमांचक रहे हैं। तो बड़े नाम, रोमांचक मैच, खचाखच भरा स्टेडियम, और क्या चाहिए?"

एसए20 के सीजन 5 में इंग्लैंड के जो रूट, फिल सॉल्ट, सैम करन और विल जैक्स जैसे बड़े इंटरनेशनल खिलाड़ी और ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श शामिल होंगे। मॉरिस का मानना ​​है कि तीन बार की चैंपियन टीम 'सनराइजर्स ईस्टर्न केप' में मार्श का आना साउथ अफ्रीका के फैंस के बीच चर्चा का बड़ा विषय है।

उन्होंने कहा, "हमने जो रूट को देखा है, जो टीम में एक रोमांचक खिलाड़ी हैं। जाहिर है, उनके पास काफी अनुभव है। पार्ल में खिलाड़ियों ने उनके साथ खेलने का लुत्फ उठाया। उन्होंने खेल के बारे में बेहतरीन समझ और टीम में एक तरह का ठहराव और शांति दी है। फिल सॉल्ट भी अविश्वसनीय रूप से रोमांचक खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि प्रिटोरिया वापसी पर, वह उस पिच पर बहुत अच्छा खेलेंगे जो उन्हें पसंद है - जहां मैदान थोड़ा छोटा है और गेंद तेजी से आगे बढ़ती है, लेकिन मुझे लगता है कि हर कोई मिच मार्श के बारे में बात कर रहा है। हम जानते हैं कि बतौर ऑलराउंडर वह कितने खतरनाक हो सकते हैं। हमने उन्हें दुनिया भर में ऐसा करते देखा है। अगर वह अपने खेलने के अंदाज - चाहे बल्ले से हो या गेंद से - और अपनी नेतृत्व कौशल के साथ इस देश में खेलते हैं, तो वह सनराइजर्स जैसी पहले से ही बहुत मजबूत टीम पर बड़ा असर डाल सकते हैं।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story