रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल पूरे होने पर जेलेंस्की बोले- 'हम शांति लाने के लिए सब कुछ करेंगे'
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध पांचवें साल में प्रवेश कर गया है। हालांकि, अमेरिकी मध्यस्थता में दोनों देश युद्ध को खत्म करने के मकसद से बातचीत भी कर रहे हैं। दूसरी ओर युद्ध के चार साल पूरे होने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, “पुतिन अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए हैं। उन्होंने यूक्रेनियन को नहीं तोड़ा। उन्होंने यह युद्ध नहीं जीता। हमने यूक्रेन को बचाया है और हम शांति लाने के लिए सब कुछ करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि न्याय हो।”
रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 को युद्ध शुरू हुआ था, जो अब पांचवें साल में भी प्रवेश कर गया है। दोनों देशों के बीच जारी इस युद्ध की वजह भौगोलिक राजनीति और सुरक्षा को माना जा सकता है। रूस के नजरिए से यूक्रेन पर हमले का एक बड़ा कारण उसके नाटो में शामिल होने की कोशिश और इसकी वजह से पैदा होने वाली सुरक्षा चिंताएं हैं।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का मानना है कि अगर यूक्रेन नाटो में शामिल होता है, तो इसकी वजह से रूस के लिए खतरा बढ़ जाएगा। पश्चिमी देशों की मिसाइलें और सेना रूस की तरफ मुड़ जाएंगी।
1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद से यूक्रेन स्वतंत्र हुआ। ऐसे में राष्ट्रपति पुतिन का मानना है कि आजादी के बाद से यूक्रेन का यूरोपीय देशों और अमेरिका की तरफ बढ़ना शुरू हो गया है। यह रूस के लिए एक खतरे की तरह है।
रूस समर्थक विक्टर यानुकोविच को 2014 में यूक्रेन के राष्ट्रपति पद से हटाया गया। इसके बाद ही रूस ने पलटवार करते हुए क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था। यहां से पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र (डोनेट्स्क और लुहांस्क) में रूस समर्थित अलगाववादियों और यूक्रेनी सेना के बीच संघर्ष शुरू हो गया। इसके साथ ही रूस ने 21 फरवरी 2022 को यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र के दो स्व-घोषित गणराज्यों 'डोनेट्स्क और लुहांस्क' को स्वतंत्र मान लिया।
इसके बाद ही 24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर हमला किया, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच जंग जारी है। हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध रोकने के लिए 28 सूत्रीय समझौता पेश किया, जिस पर दोनों देश अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत कर रहे हैं।
--आईएएनएस
केके/एबीएम

