रूस के भीषण हमलों से दहला यूक्रेन, कीव की ऐतिहासिक कैथेड्रल चर्च में आग, 11 लोगों की मौत
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। रूस ने रविवार की रात 70 मिसाइलों और 611 ड्रोन की मदद से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले किए। इन हमलों में 60 से अधिक मिसाइलें तो राजधानी कीव में ही दागी गईं। इन हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कीव में 35 लोग घायल हुए हैं। जबकि, पूरे देश में 53 लोगों के घायल होने की खबर है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया, ''कीव में रूसी हमलों के बाद की स्थिति से निपटने का काम लगातार जारी है। यही हाल खार्किव में भी है। बीती रात रूस ने केवल राजधानी कीव पर ही 60 से अधिक मिसाइलें दागीं। पूरे यूक्रेन में कुल मिलाकर 70 मिसाइलें और 611 ड्रोन छोड़े गए।''
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि फिलहाल जानकारी के अनुसार, कीव में 35 लोग घायल हुए हैं। पूरे देश में 53 लोग घायल हुए हैं और रूस के इस बड़े हमले में 11 लोगों की मौत की खबर है। मैं सभी पीड़ित परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि रूसी हमले के कारण कीव-पेचेर्स्क लावरा में स्थित डॉर्मिशन कैथेड्रल में आग लग गई। इस चर्च का इतिहास 11वीं सदी का है। आज की स्थिति में यह ईसाई संस्कृति के खिलाफ रूस की ओर से किए गए सबसे बड़े अपराधों में से एक माना जा सकता है। राज्य आपातकालीन सेवा ने कैथेड्रल की छत पर लगी आग को बुझा दिया है।
उन्होंने कहा कि खार्किव में रूस ने फिर से उन बचावकर्मियों को निशाना बनाया जो एक औद्योगिक परिसर पर हुए हमले के बाद लगी आग बुझाने का काम कर रहे थे। फिलहाल, यह पुष्टि हुई है कि दुखद रूप से पांच लोगों की मौत हो गई है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
नीपर में रूस ने रेलवे स्टेशन, एक कॉलेज और औद्योगिक स्थलों को निशाना बनाया है। इसके अलावा कई अन्य शहरों और समुदायों पर भी हमले हुए। कीव, नीपर, डोनेट्स्क, जापोरिज्जिया, सुमी और मायकोलाइव क्षेत्र भी हमलों की चपेट में आए।
एक अन्य 'एक्स' पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा, ''अभी कीव में (लावरा और मिस्टेत्स्की आर्सेनल में) बचाव कर्मियों ने आग बुझा दी है। मैं उन सभी सेवाओं का आभारी हूं जो गोलाबारी वाली जगहों पर काम कर रही हैं, और उन सभी का भी, जो मदद कर रहे हैं। यह पुष्टि हो गई है कि दो रूसी ड्रोनों ने जानबूझकर शहर के उस हिस्से को निशाना बनाया जहां लावरा और मिस्टेत्स्की आर्सेनल स्थित हैं।''
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि हम रूस के इस हमले के नतीजों और इसके जवाब में उठाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में अपने सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। यह जरूरी है कि देशों के नेता, जन-नेता और अंतरराष्ट्रीय संगठन चुप न रहें। मैंने यूक्रेन के विदेश मंत्रालय और अपनी पूरी राजनयिक टीम को निर्देश दिया है कि वे आज सहयोगियों के साथ सभी संपर्कों को पूरी तरह सक्रिय करें, ताकि इस हफ्ते और अगले हफ्ते होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से हमारी सुरक्षा को मजबूत करने और इस युद्ध के लिए रूस पर वैश्विक दबाव बनाने में वास्तविक नतीजे मिल सकें। रूस के इस हमले का उचित जवाब दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि रूस इस तरह दुनिया को दिखा रहा है कि वह युद्ध जारी रखने का इरादा रखता है। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि इस समय शिखर सम्मेलन के लिए एकत्र हो रहे जी-7 देशों की ओर से ठोस और निर्णायक प्रतिक्रिया आए। आक्रामक देश पर और अधिक दबाव बनाया जाए तथा यूक्रेन को हवाई सुरक्षा के लिए, खासकर एंटी-बैलिस्टिक सिस्टमों के रूप में, और अधिक सहायता दी जाए। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जो हमारी जिंदगियों की रक्षा करने में मदद कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

