रग्बी प्रीमियर लीग: बेंगलुरु ब्रेवहार्ट्स ने दिल्ली रेड्ज को 38-28 से हराया, चेन्नई बुल्स-दिल्ली रेड्ज का मैच ड्रॉ
हैदराबाद, 18 जून (आईएएनएस)। रग्बी प्रीमियर लीग के सीजन 2 के तीसरे दिन पुरुषों के वर्ग में एक रोमांचक मुकाबले खेला गया, जिसमें बेंगलुरु ब्रेवहार्ट्स ने दिल्ली रेड्ज को 38-28 से शिकस्त देकर जबरदस्त वापसी की। वहीं, महिलाओं के मुकाबले में चेन्नई बुल्स और दिल्ली रेड्ज के बीच मैच 26-26 से ड्रॉ रहा।
बेंगलुरु ब्रेवहार्ट्स की पुरुष टीम ने अकुइला रोकोलिसोआ के जरिए मजबूत शुरुआत की, लेकिन पैट्रिक ओडोंगो के इंटरसेप्शन ट्राई ने जल्द ही दिल्ली रेड्ज को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद शिल्टन वैन विक ने दो बार स्कोर करके बेंगलुरु की बढ़त फिर से हासिल की, लेकिन फिर लुसियानो गोंजालेज और ओडोंगो ने रेड्ज को बढ़त दिलाने में मदद की।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही वैन विक ने अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि गोंजालेज ने एक और शानदार व्यक्तिगत ट्राई से जवाब दिया। नगारोही मैकगार्वी ने ब्रेवहार्ट्स को आगे रखा और फिर आखिरी क्वार्टर में रयान एप्स के लॉन्ग-रेंज प्रयास ने जीत पक्की कर दी।
हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित गंती मोहना चंद्र बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए महिलाओं के मुकाबले में लक्ष्मी ओराओन ने मुंबई ड्रीमर्स को बेहतरीन शुरुआत दिलाई, लेकिन सवाना बॉडर ने ट्राई और कन्वर्जन के जरिए चेन्नई बुल्स को आगे कर दिया। अमनदीप कौर ने बुल्स की बढ़त को और बढ़ाया क्योंकि दूसरे क्वार्टर में उनका खेल पर दबदबा रहा।
ब्रेक-थ्रू के बाद ड्रीमर्स ने मामा नाइक और ग्रेस ओकुलु के साथ वापसी की कोशिश की, लेकिन संध्यारानी टुडू ने बुल्स को बराबरी पर बनाए रखा। भूमिका शुक्ला के देर से किए गए ट्राई से मुंबई की जीत पक्की लग रही थी, लेकिन आखिरी पलों में बॉडर ने ट्राई करके मैच को रोमांचक ड्रॉ में बदल दिया।
इससे पहले बुधवार को, मेजबान हैदराबाद हीरोज और मुंबई ड्रीमर्स ने जीत हासिल की थी। हैदराबाद हीरोज ने दिल्ली रेड्ज को 31-17 से हराया, जबकि मुंबई ड्रीमर्स ने पुरुषों के वर्ग में बेंगलुरु ब्रेवहार्ट्स को 19-7 से मात दी।
उल्लेखनीय है कि रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) की शुरुआत पिछले वर्ष भारत में रग्बी यूनियन की आधिकारिक राष्ट्रीय संस्था 'रग्बी इंडिया' ने की थी। इसका उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करना है। रग्बी इंडिया, वर्ल्ड रग्बी, एशिया रग्बी और आईओए से जुड़ी हुई है और इसे युवा मामले और खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है।
--आईएएनएस
आरएसजी

