रुड़कीः मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार
हरिद्वार, 19 जून (आईएएनएस)। रुड़की के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग कांड से जुड़ा मोबाइल फोन बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि बुग्गावाला पुलिस यूपी बॉर्डर क्षेत्र में जोनल चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंजारावाला गांव की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान लुकमान निवासी बुग्गावाला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 9 जून को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।
वहीं, मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस मुठभेड़ को अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग कांड से जोड़कर जांच कर रही है।
एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है जबकि दूसरे की तलाश में अभियान तेज कर दिया गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में आगे और कौन-कौन से राज सामने आते हैं।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

