Samachar Nama
×

राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम से पहले पुणे यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बवाल,  NSUI-ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प; 60 से ज्यादा पर केस

राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम से पहले पुणे यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बवाल, वीडियो में जाने NSUI-ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प; 60 से ज्यादा पर केस

पुणे के COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यह विवाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले हुआ। घटना के बाद यूनिवर्सिटी हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में 6 नामजद लोगों के अलावा करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विवाद की शुरुआत राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए छात्रों के रजिस्ट्रेशन को लेकर हुई बताई जा रही है। ABVP का आरोप है कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। ABVP कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया।

वहीं, NSUI की ओर से अलग दावा किया गया है। संगठन का आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को ABVP से जुड़े सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया। NSUI ने इसे छात्रों की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप बताते हुए विरोध जताया।

इसी विवाद के दौरान एक ABVP छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर 6 लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

घटना के बाद हॉस्टल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रशासन की ओर से भी छात्रों से शांति बनाए रखने और किसी तरह के विवाद से बचने की अपील की गई है।

दरअसल, राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम देश में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है। राहुल गांधी इससे पहले कोटा, देहरादून और प्रयागराज में भी छात्रों के साथ इसी तरह के कार्यक्रम कर चुके हैं।

राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से बातचीत की थी। इन कार्यक्रमों में उन्होंने पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दे उठाए थे।

पुणे में कार्यक्रम से ठीक पहले हॉस्टल में हुई झड़प ने राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच तनाव बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की है।

Share this story

Tags