भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल
गांधीनगर, 17 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को देश की सबसे भ्रष्ट संस्था बताया।
रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अमेरिका की एक संस्था की रिपोर्ट सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि कांग्रेस और पाकिस्तान के बीच किस तरह के संबंध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सरकार का विरोध करते हुए पाकिस्तान के साथ खड़े नजर आते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उसी रिपोर्ट में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के खिलाफ भी बातें कही गई हैं। ऐसे में अगर विपक्ष उस रिपोर्ट को मानता है तो क्या वह रॉ के खिलाफ कही गई बातों को भी स्वीकार करता है? उन्होंने इसे 'देश विरोधी मानसिकता' करार दिया और कहा कि विपक्ष का काम केवल हर मुद्दे पर विरोध करना नहीं होना चाहिए।
एलपीजी आपूर्ति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब विपक्ष 'ओछी राजनीति' में लगा है, तब केंद्र सरकार ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल की कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में कीमतों को नियंत्रित रखा गया है, जो सरकार की नीति और जनता के विश्वास की जीत है।
रोहन गुप्ता ने यह भी कहा कि विपक्ष द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश के कारण एलपीजी बुकिंग 50 लाख से बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गई, लेकिन सरकार ने स्थिति को संभाल लिया। उनके अनुसार, सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है, जबकि विपक्ष की प्राथमिकता राजनीति है।
इसके अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 2008 के 'कैश फॉर वोट' कांड को उठाए जाने पर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में संसद के अंदर नोटों की गड्डियां लहराई गईं और बोफोर्स घोटाला जैसे मामले सामने आए, जबकि वर्तमान सरकार पर इस तरह के आरोप नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यही दोनों सरकारों के बीच मूल अंतर है और जनता कांग्रेस का इतिहास भूली नहीं है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

