आरएसएस पर कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा-संघ 100 साल से सेवा में जुटा
पटना, 28 जून (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विजयवर्गीय ने कहा था कि आरएसएस में लोग तो बहुत हैं लेकिन अच्छे लोगों की कमी है। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि संघ को काम करते हुए लगभग 100 वर्ष हो चुके हैं और इस दौरान उसने कई महत्वपूर्ण संगठनों को मजबूत आधार दिया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ दुनिया का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे पुराना और सबसे बड़ा विद्यार्थी संगठन है, भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और वनवासी कल्याण आश्रम वनवासी क्षेत्रों में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि संघ आज विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन है। संघ निरंतरता, त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक रहा है और इसी दिशा में आगे भी कार्य करता रहेगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह मामला उत्तर प्रदेश सरकार के संज्ञान में आया, तुरंत एसआईटी गठित करने, एफआईआर दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने कहा कि यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गुरु प्रकाश ने यह भी कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग राम भक्तों की आस्था का राजनीतिकरण कर रहे हैं और इसे सनसनीखेज बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों के पास नैतिक अधिकार है जो पहले 2007 में सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर चुके हैं या जिन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाने की घटनाओं में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत संवेदनशील विषय है और सभी को इससे दूर रहकर संयम बरतना चाहिए।
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने का अवसर खोजते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी, विशेष रूप से राजस्थान में, ऐसे कई मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि जहां भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, वहां पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तकनीकी समस्या को गंभीरता से हल किया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण करना उचित नहीं है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले के संज्ञान में आते ही 48 घंटे के भीतर पटना हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज के नेतृत्व में न्यायिक जांच समिति गठित कर दी थी। उन्होंने कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, उन्हें निलंबित भी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला फिलहाल न्यायालय के अधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है क्योंकि इससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता न्याय सुनिश्चित करना है और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। इसमें चश्मदीदों के बयान, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की रिपोर्ट और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

