बीरभूम में 50 करोड़ की बरामदगी: घर से मिले 28.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना, फुटेज में देंखे नोट गिनते-गिनते खराब हुईं 5 मशीनें
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की नकदी और सोना बरामद किया है। बुधवार रात हुई छापेमारी में पुलिस को 28.5 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश और करीब 15 किलो सोना मिला। सोने की कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब 50 करोड़ रुपये की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के दौरान 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। घंटों तक चली नोटों की गिनती के बाद इतनी बड़ी रकम का खुलासा हुआ।
आरोपी मिनार मंडल गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर के पद पर काम करता था। बाद में वह पत्थर कारोबार से जुड़ गया।जांच में सामने आया है कि मिनार मंडल फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और रिश्ते में साला है। पुलिस अब बरामद रकम और सोने के स्रोत की जांच कर रही है।
तुलु मंडल पर भी उठे सवाल
फरार आरोपी तुलु मंडल बीरभूम के पत्थर कारोबार से जुड़ा बड़ा नाम बताया जा रहा है। वह वर्ष 2024 में अपनी बेटी की करीब 100 करोड़ रुपये की भव्य शादी को लेकर भी चर्चा में आया था।राजनीतिक हलकों में भी तुलु मंडल का नाम चर्चा में रहा है। उसे पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत मंडल इसी महीने तृणमूल कांग्रेस के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल हो गए थे।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई की सराहना
इस बड़ी कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने छापेमारी से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं।उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोने की बरामदगी से यह साफ है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस खंगाल रही कारोबार से जुड़े तार
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। साथ ही फरार तुलु मंडल की तलाश भी जारी है।जांच एजेंसियां पत्थर कारोबार, संभावित आर्थिक लेन-देन और आरोपी के अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

