Samachar Nama
×

रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, नौ क्षेत्रों में ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना, अस्पताल पर भी बरसाए बम

रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, नौ क्षेत्रों में ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना, अस्पताल पर भी बरसाए बम
रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, नौ क्षेत्रों में ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना, अस्पताल पर भी बरसाए बम

कीव, 3 नवंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया क‍ि रूस ने सोमवार रात एक बड़ा और जटिल हमला किया, जिसका मुख्य निशाना हमारी महत्वपूर्ण बुनियादी सुविधाएं थीं। खास तौर पर ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाया गया, जिसमें बिजली उत्पादन केंद्र और सबस्टेशन शामिल थे। ओडेसा, चेरकसी, जाइटॉमिर, विन्नित्सिया, खार्किव, निप्रो, चेर्नित्सी, चेर्निहिव और रिव्ने क्षेत्रों में हमले किए गए।

जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर हमले की जानकारी देते हुए बताया क‍ि कई शहरों और समुदायों में आपातकालीन और बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती जारी है। खार्किव में रूस ने सीधे एक शहर के क्लिनिकल अस्पताल पर हमला किया। इस हमले में 73 लोग घायल हुए और अस्पताल का कार्डियोलॉजी विभाग, जहां मरीजों का इलाज चल रहा था, क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्‍होंने बताया क‍ि जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा में मानवीय सहायता केंद्र पर बमबारी के बाद बचाव अभियान चलाया जा रहा है। दुर्भाग्य से मृतकों की संख्या बढ़ गई है। रूस के हमलों में 29 लोगों की मौत हो चुकी है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। पांच लोग घायल हुए हैं।

राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि अब भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। सुरक्षा स्थिति की अनुमति मिलने तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेंगे। हालांकि, रूस की ओर से दोबारा हमले किए जाने का खतरा बना हुआ है, जैसा कि वह अक्सर करता है।

सिर्फ बीती रात ही रूस ने 289 हमला करने वाले ड्रोन, 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 59 क्रूज मिसाइलें दागीं। अभी भी हवाई हमले का अलर्ट जारी है और रूस की ओर से नए मिसाइल तथा ड्रोन हमलों का खतरा बना हुआ है।

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि यह बात बहुत महत्वपूर्ण है कि यह सब अमेरिका में कांग्रेस के चुनाव वाले दिन हो रहा है। रूस को लगता है कि अमेरिका उनकी ओर से दिए जा रहे इस संदेश को नजरअंदाज कर देगा, लेकिन ऐसे आतंक और हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इन्हें रोका जाना चाहिए।

राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि यूक्रेन को अपने आसमान की रक्षा करने में मदद मिलनी चाहिए, क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो रूस अपने मिसाइल हमले कभी नहीं रोकेगा। ईमानदारी और भरोसेमंद तरीके से शांति स्थापित करने में मदद करना बेहद जरूरी है, और अमेरिका इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जो इस रूसी हमले पर चुप नहीं रहेंगे। साथ ही उन सभी का भी आभार जो यूक्रेन की रक्षा में उसका समर्थन कर रहे हैं।

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर ल‍िखा, ''रूस के भीषण ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण, रात भर में यूक्रेन के 9 क्षेत्रों में कम से कम 13 ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। पुतिन जानबूझकर आम नागरिकों की ऊर्जा, बिजली और हीटिंग सुविधाओं को निशाना बना रहे हैं, ताकि सर्दियों से पहले लोगों के लिए हालात असहनीय हो जाए। यह 'नरसंहार' की सीधी परिभाषाओं में से एक है।''

उन्‍होंने कहा क‍ि रूस की ओर से किए जा रहे बर्बर युद्ध अपराधों को देखकर दुनिया चुप नहीं रह सकती। इन रूसी हत्यारों के साथ कोई सामान्य कामकाज नहीं होना चाहिए। प्रतिबंधों में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags