पश्चिम बंगाल : रूपा गांगुली ने डाला वोट, बोली- इस बार वोटिंग बेहद अहम
कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदान के दौरान राज्य के कई इलाकों से उत्साह और कुछ शिकायतों की मिली-जुली तस्वीर सामने आ रही है।
कोलकाता के एंटाली विधानसभा क्षेत्र के तहत एसएन बनर्जी रोड स्थित तलतला हाई स्कूल में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। लोग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
वहीं, सोनारपुर साउथ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली राजेंद्र शिक्षा सदन गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचीं और अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "इस बार सभी लोग सुबह-सुबह ही मतदान के लिए आ गए हैं। यह वोटिंग काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।"
दक्षिण कोलकाता के राशबेहारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार स्वपन दास गुप्ता ने बसंती देवी कॉलेज में पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा, "पहले चरण में दो बातें खास रहीं। रिकॉर्ड मतदान और किसी तरह की बड़ी हिंसा या मौत की घटना नहीं हुई। कुल मिलाकर हिंसा बहुत कम रही। हमें उम्मीद है कि दूसरे चरण में भी ऐसा ही होगा और यह चुनाव एक नया रिकॉर्ड बनाएगा।"
उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी है और मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से चल रही है। हालांकि, कुछ स्थानों से शिकायतें भी सामने आईं। पानीहाटी में भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने कहा कि ईवीएम मशीन की आवाज में देरी हो रही है, जिससे मशीन में कुछ गड़बड़ी की आशंका है।
हावड़ा जिले के आमता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अमित सामंता कचिदा प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे और वोट डाला।
नदिया जिले के चापड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सैकत सरकार ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सुबह 6 बजे उनका बूथ एजेंट मतदान केंद्र जा रहा था, तभी टीएमसी उम्मीदवार के गुंडे मोफिदुल ने उस पर बंदूक के बट, डंडे और रॉड से हमला किया। उन्होंने बताया कि घायल एजेंट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

