Samachar Nama
×

रोमांचक फाइनल मैच में 1 रन से जीत, यूएई ने अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया

रोमांचक फाइनल मैच में 1 रन से जीत, यूएई ने अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया
रोमांचक फाइनल मैच में 1 रन से जीत, यूएई ने अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया

कुआलालंपुर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) ने आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप एशिया क्वालीफायर के फाइनल में मेजबान मलेशिया को एक रन के करीबी अंतर से मात दी। इसी के साथ यूएई ने साल 2027 में होने वाले ग्लोबल इवेंट के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम ने मसीरा जहांगीर (31) और मेहुल कुलकर्णी (22) की मदद से 19.3 ओवरों में 95 रन बनाए। इसके जवाब में मलेशियाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 94 रन ही बना सकी। बल्ले से चमक बिखेरने के बाद जहांगीर ने 4 ओवरों में 12 रन देकर 2 विकेट निकाले। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

बायुमास ओवल में मिली इस रोमांचक जीत के साथ यूएई का शानदार और अजेय अभियान सफल रहा। 23 जुलाई को शुरू हुए आठ टीमों के रीजनल क्वालीफायर से निकलकर यूएई ने एकमात्र क्वालिफिकेशन स्पॉट हासिल किया है।

आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का तीसरा संस्करण नेपाल और बांग्लादेश की मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत ने इस टूर्नामेंट के शुरुआती दोनों एडिशन अपने नाम किए हैं।

पूरे टूर्नामेंट में यूएई का दबदबा रहा। उन्होंने हांगकांग चीन के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के तहत 37 रन की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, फिर लीग स्टेज में मलेशिया को 39 रन और कतर को 81 रन से हराया। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में भूटान के खिलाफ 73 रन की शानदार जीत के साथ फाइनल में अपनी जगह बनाई।

अपनी टीम के जज्बे से खुश यूएई की कप्तान महक ठाकुर ने मुश्किल हालात को संभालने की अपनी टीम की काबिलियत की तारीफ करते हुए कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि हमारी टीम ने इस फाइनल में दबाव का कितनी अच्छी तरह सामना किया, जिससे हमें जीत मिली। अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना बहुत रोमांचक है; हम वहां जाने और उम्मीद है कि इस टूर्नामेंट की तरह ही शानदार खेल दिखाने के लिए उत्साहित हैं।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story