इंसान नहीं इस होटल में रोबोट बने वेटर! लोगों को खिला रहे खाना, वीडियो देख हैरत में पड़ जाएंगे आप
हवा में हल्की खुशबू फैली हुई है। प्लेटें सजाई जा रही हैं। लोग गरमागरम खाने का इंतज़ार कर रहे हैं, तभी अचानक, बिना किसी आवाज़ के, एक चमकदार मशीन आपकी टेबल पर आकर रुक जाती है। कोई मुस्कान नहीं, कोई बातचीत नहीं, बस खाना सीधे आपके सामने। यह किसी फ़िल्म का सीन नहीं है; रोबोट वेटर अब असल ज़िंदगी में रेस्टोरेंट में देखे जा रहे हैं।
गुरुग्राम में रोबोट वेटर की एंट्री
गुरुग्राम के पालम विहार में ओम स्वीट्स में अब रोबोट खाना परोस रहे हैं। यह चार शेल्फ वाला रोबोट एक टेबल से दूसरी टेबल पर जाकर सीधे कस्टमर तक ऑर्डर पहुंचाता है। वायरल वीडियो में रोबोट हनी चिली पोटैटो के साथ सही टेबल पर रुकता हुआ दिख रहा है। जैसे ही कस्टमर अपनी प्लेट उठाते हैं, यह आगे बढ़ जाता है। यह रोबोट छोले भटूरे, डोसा और डेज़र्ट भी परोस रहा है।
सोशल मीडिया पर मिले-जुले रिएक्शन
गुरुग्राम में रोबोट वेटर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे भारत की तरक्की बता रहे हैं। उनका कहना है कि यह भारत में AI रेस्टोरेंट के लिए एक नया दौर है। वहीं, कुछ लोग अपनी नौकरी को लेकर भी परेशान हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी आबादी वाले देश में रोबोटिक सर्विस को सोच-समझकर अपनाना चाहिए।
नोएडा में शुरू हुआ
द येलो हाउस – रोबोट रेस्टोरेंट दिल्ली NCR में रोबोट वेटर लाने वाला पहला रेस्टोरेंट था। मालिक के मुताबिक, ये रोबोट AI से चलते हैं। स्टाफ अपने मोबाइल फोन में टेबल नंबर डालता है, और रोबोट अपने आप सही जगह पर पहुंच जाता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में रोबोट और इंसान एक साथ काम करेंगे या मुकाबला करेंगे।

