राइट्स में असिस्टेंट बनने का मौका, 27 अप्रैल तक करें आवेदन, 66 हजार होगी सैलरी
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करने का होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विसेज लिमिटेड (आरआईटीईएस) ने असिस्टेंट (एचआर) के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
राइट्स की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया गुरुवार, 19 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, मेडिकल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 20,000 से 66,000 रुपए प्रति महीने होगी।
आवेदन करते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 600 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए 300 रुपए के साथ लागू टैक्स है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले राइट्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/एएस

